January 15, 2025 11:42 PM

Menu

सोनभद्र: रायपुर थाना क्षेत्र के कई गंभीर मामलों पर प्रशासन मौन, कार्यशैली पर उठते सवाल।

सोनभद्र में रायपुर थाना क्षेत्र के कई मामलों में थानाध्यक्ष का हिटलरशाही रवैया पर तरह तरह की बातें। आइए इस लेख में कई मामलों पर नजर डालते है।
Sonbhadra News

सोनभद्र – रिपोर्ट: सोनप्रभात, वेदव्यास सिंह मौर्य

सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था संविधान के बजाय थानाध्यक्ष की मनमानी पर निर्भर दिख रही है। कई घटनाएं और प्रशासनिक अनियमितताएं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के गंभीर हालात को उजागर करती हैं।

 मोटरसाइकिल चोरी का मामला

पनिकप खुर्द निवासी मनोज मौर्य की मोटरसाइकिल चोरी की प्राथमिकी तो दर्ज हुई, लेकिन एक सप्ताह बाद उनके मोबाइल पर किसी ने फोन कर बताया कि उनकी गाड़ी गांजे के साथ पकड़ी गई है। साथ ही गाड़ी छुड़ाने के लिए पैसे लेकर पिपरी बुलाया गया। मनोज ने इस घटना की सूचना फोन नंबर सहित थानाध्यक्ष को दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

डग्गामार वाहनों पर ढुलमुल रवैया:

छठ पर्व के दिन थानाध्यक्ष ने डग्गामार वाहनों से वसूली के उद्देश्य से पांच पिकअप सीज कर दीं, जिससे यात्रियों को पर्व के दिन भारी परेशानी हुई। हालांकि, आज भी डग्गामार वाहन धड़ल्ले से चल रहे हैं।

गांजा तस्करी और अनियमितताएं

थानाध्यक्ष ने अपने हमराहियों के साथ खलियारी गांव में दो युवकों को 21 किलो गांजे के साथ पकड़ा, लेकिन गिरफ्तारी और माल बरामदगी को लेकर अलग-अलग स्थान और वजन दिखाया गया। सूत्रों के अनुसार, शेष गांजा तस्करों को बेच दिया गया।

Sonbhadra News

दुर्घटना में ट्रैक्टर बदलने का मामला

नगवां ब्लॉक में एक बाइक सवार दंपत्ति की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। आरोप है कि थाना प्रभारी ने आयशर ट्रैक्टर को बदलकर पावरट्रैक ट्रैक्टर खड़ा कर दिया।

सामूहिक दुष्कर्म और थानाध्यक्ष की लापरवाही

थाना के समीप एक विधवा महिला की बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना में तीन दिनों तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद ही उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप से देर रात प्राथमिकी दर्ज की गई। हालांकि, आरोप है कि थाना प्रभारी ने पहले आरोपियों को छोड़ दिया था।

पशु तस्करी में वृद्धि

पशु तस्करी जो पहले कभी-कभार होती थी, अब हर दिन दर्जनों गाड़ियां पशुओं को बिहार ले जा रही हैं।

 नशे का बढ़ता कारोबार

थाना क्षेत्र में फुटकर गांजा की बिक्री तेज हो गई है। वाराणसी के लड़के खुलेआम गांजा बेच रहे हैं। इसके अलावा, हिरोइन की बिक्री, जो निवर्तमान थानाध्यक्ष नागेश कुमार सिंह के समय बंद थी, फिर से चालू हो गई है।

स्थिति चिंताजनक, उच्चाधिकारियों की चुप्पी सवालों के घेरे में

रायपुर थाना क्षेत्र में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ती तस्करी और नशे के कारोबार से स्थानीय लोग चिंतित हैं। प्रशासन की निष्क्रियता से युवा पीढ़ी नशे की गर्त में डूब रही है। यदि उच्चाधिकारी जल्द इन मामलों पर संज्ञान नहीं लेते, तो स्थिति और भयावह हो सकती है।

यह भी पढ़ें : दुद्धी : अगवा कर हत्या की आशंका पर पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट, जंगल में मिला नर कंकाल

संपादकीय टिप्पणी

रायपुर थाना क्षेत्र की घटनाएं कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन की नाकामी का परिचायक हैं। क्षेत्र की समस्याओं का समाधान केवल कड़ी निगरानी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से ही संभव है। लेख का उद्देश्य जनपद में व्याप्त विभिन्न कार्यों में अनियमितता को संज्ञान में लाना और जन हित में आवश्यक कार्यवाही हेतु आसार तलाशना है।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On