- महामंत्री ने प्रस्तुत किया आय–व्यय का विस्तृत ब्यौरा।
दुद्धी (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल शाखा दुद्धी के तत्वावधान में बुधवार को स्थानीय उत्सव वाटिका में व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण आम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अमरनाथ जायसवाल ने की। इसमें क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाएं, बुधवार पूर्ण बंदी, नगर में घूम रहे छुट्टा पशुओं से निजात, सदस्यता शुल्क निर्धारण सहित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा कि नगर क्षेत्र में छुट्टा पशुओं के कारण लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं और पशुओं की मौत व्यापारियों व आमजन दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों के हित में इस समस्या के समाधान हेतु खंड विकास अधिकारी दुद्धी राम विशाल चौरसिया से वार्ता कर ठोस पहल की जाएगी। साथ ही शासन के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को पूर्ण बंदी को प्रभावी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के सहयोग से ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से नगर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की भी अपील की।

विशिष्ट अतिथि व संरक्षक राजकुमार अग्रहरी ने व्यापार मंडल की कार्यप्रणाली में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि समय पर नियमित बैठकें, अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ना और ऊर्जा व सख्ती के साथ कार्य करना आज की आवश्यकता है।

अपना दल (एस) विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने कहा कि व्यापारियों का हित सर्वोपरि है। नए वर्ष में सदस्यता शुल्क की श्रेणी तय कर संगठन को और मजबूत करने की दिशा में सभी को मिलकर काम करना चाहिए। वहीं जय बजरंग अखाड़ा समिति दुद्धी के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने सभी व्यापारियों से उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान किया।
पूर्व श्रीरामलीला कमेटी महामंत्री आलोक अग्रहरी ने संगठन की मजबूती के लिए धन संग्रह कोष बनाए जाने का सुझाव दिया। अवधेश सोनी ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब तक किसी भी बड़ी चोरी का पर्दाफाश न होना चिंताजनक है। उन्होंने व्यापार मंडल से संगठित होकर विरोध दर्ज कराने और पुलिस अधीक्षक सोनभद्र से प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुलाकात कर चोरी की घटनाओं के खुलासे की मांग करने का सुझाव दिया।
विधिक सलाहकार शिवशंकर गुप्त ने बाईपास रोड निर्माण को लेकर प्रतिनिधिमंडल के साथ सक्षम अधिकारियों से मुलाकात कर कार्य में तेजी लाने पर बल दिया। बैठक में जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने व्यापारियों को विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं का नाम जोड़ने हेतु बीएलओ से संपर्क करने का आग्रह किया। साथ ही रोहिंगिया व संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी व्यापार मंडल को देने, बीआरडी कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा, लॉ व बीएड की पढ़ाई शुरू कराने के लिए प्रतिनिधिमंडल द्वारा सरकार से मांग रखने का सुझाव दिया।
इस अवसर पर महामंत्री जसवंत मौर्य ने संगठन के कार्यों एवं आय–व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में मिथिलेश जायसवाल, सोहन लाल, सभासद निरंजन गुप्ता, विद्यासागर जायसवाल, अनूप गुप्त, राजेश कुमार गुप्त, उदय जायसवाल, धीरेन्द्र सिंह, मुकेश, शिव शक्ति ड्रेसेज के मालिक सहित सैकड़ों व्यापारी अपने सुझावों के साथ उपस्थित रहे।बैठक का संचालन उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी जितेन्द्र चन्द्रवंशी द्वारा किया गया।
— सोन प्रभात न्यूज़
Son Prabhat Live News is the leading Hindi news website dedicated to delivering reliable, timely, and comprehensive news coverage from Sonbhadra Uttar Pradesh + 4 States CG News, MP News, Bihar News and Jharkhand News. Established with a commitment to truthful journalism, we aim to keep our readers informed about regional, national, and global events.

















