- कलश यात्रा के साथ गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, भक्तिमय हुआ सहिजन खुर्द मोहाल
सोनभद्र। | संवाददाता: संजय सिंह
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर–4 सहिजन खुर्द मोहाल स्थित चंद्रिका माता मंदिर परिसर में सोमवार से सात दिवसीय श्रीरामकथा का भव्य एवं भक्तिपूर्ण शुभारंभ हुआ। रामकथा से पूर्व मंदिर परिसर से शुभ मंगल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
सोमवार की सुबह निकली कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से चलती नजर आईं। बैंड-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में भगवान श्रीराम एवं गोस्वामी तुलसीदास जी की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
कलश यात्रा चंद्रिका माता मंदिर से प्रारंभ होकर सहिजन कलां, वार्ड नंबर–4 सहिजन खुर्द मोहाल होते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई।
छठ घाट सरोवर से जल भरकर यज्ञ स्थल को किया पवित्र
कलश यात्रा जब छठ घाट तालाब पहुंची, तो श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत छठ घाट स्थित पवित्र सरोवर से जल भरकर श्रद्धालु पुनः चंद्रिका माता मंदिर पहुंचे, जहां यज्ञ स्थल को पवित्र कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया गया।
इस दौरान महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु भगवान के भजनों पर झूमते-गाते, अबीर-गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे। पूरे मार्ग में जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज के मुखारविंद से रामकथा
कलश यात्रा के उपरांत मंदिर परिसर में कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज के मुखारविंद से श्रीरामकथा का शुभारंभ किया गया।
यह रामकथा प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें प्रभु श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, भक्ति और संस्कारों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति
इस धार्मिक आयोजन में नगर व जनपद के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से—
रूबी प्रसाद, अध्यक्ष नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज
राकेश भारती, सभासद वार्ड नंबर–4
राजेश द्विवेदी, राम समुझ मौर्य, डॉ. जे. एन. तिवारी, अवधनाथ सिंह
पुष्पा सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष भाजपा
उषा जैन, गायत्री, अनवर अली (सभासदगण)
सत्यप्रकाश गुप्ता, अनिल, राजकुमार पटेल, दीपक पटेल, मनोज विश्वकर्मा, दिलीप पटेल
सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।

धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में उत्सव का माहौल
सात दिवसीय रामकथा के शुभारंभ से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल बन गया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से रामकथा में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
Son Prabhat Live News is the leading Hindi news website dedicated to delivering reliable, timely, and comprehensive news coverage from Sonbhadra Uttar Pradesh + 4 States CG News, MP News, Bihar News and Jharkhand News. Established with a commitment to truthful journalism, we aim to keep our readers informed about regional, national, and global events.

















