August 16, 2025 3:41 AM

Menu

जामपानी, लौबंध और चैरी गांवों में 250 किसानों के बीच उन्नतशील बीज का वितरण.

  • कृषि विभाग ने दी आधुनिक खेती और जैविक कृषि की जानकारी.

म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय विकासखंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत जामपानी, लौबंध और चैरी में गुरुवार को कृषि विभाग की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर 250 किसानों के बीच उन्नतशील अरहर और सावा बीज का वितरण किया गया। बीज वितरण का यह कार्यक्रम किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के बीज गोदाम प्रभारी जितेंद्र कुमार और सहायक तकनीकी प्रबंधक रमेश कुमार ने किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन और भूमि की घटती उपज क्षमता को देखते हुए अब समय आ गया है कि किसान पारंपरिक और प्राकृतिक खेती की ओर लौटें।

जैविक खेती और मोटे अनाज पर विशेष जोर

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि वे जैविक खेती और मोटे अनाज जैसे सावा, कोदो, मडुआ आदि की खेती पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि ये अनाज कम पानी में भी अच्छी पैदावार देते हैं और बाजार में इनकी मांग और कीमत दोनों बेहतर होती है। साथ ही, यह मानव स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी हैं और भूमि की उर्वरता बनाए रखने में सहायक हैं।

रासायनिक खाद से बचने की सलाह

कृषि विभाग की टीम ने यह भी बताया कि लंबे समय तक रासायनिक खादों के प्रयोग से न केवल जमीन की उर्वरता कम होती है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक साबित हो सकती है। इसलिए किसानों को अब प्राकृतिक खाद, गोबर की खाद, नीम का छिड़काव और वर्मी कम्पोस्ट जैसी विधियों को अपनाना चाहिए।

योजनाओं की जानकारी भी दी गई

कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, कृषक दुर्घटना बीमा योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड, और कृषि यंत्रीकरण योजना के बारे में भी जानकारी दी गई और उन्हें इनसे जुड़ने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

किसानों में दिखा उत्साह

इस बीज वितरण और जागरूकता कार्यक्रम से स्थानीय किसानों में उत्साह देखा गया। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें न केवल नई जानकारी मिलती है, बल्कि उन्नत किस्म के बीजों से उनकी उपज और आमदनी दोनों में सुधार होता है।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On