April 29, 2025 9:01 PM

Menu

निर्मला शर्मा बनीं सोनभद्र मुख्यालय की पहली महिला नोटरी अधिवक्ता, महिला अधिवक्ताओं में खुशी की लहर।

सोनभद्र। जितेंद्र चंद्रवंशी/ राजेश पाठक/ सोन प्रभात 

जिला मुख्यालय सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज तहसील में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। वरिष्ठ अधिवक्ता निर्मला शर्मा को मुख्यालय की पहली महिला नोटरी अधिवक्ता के रूप में नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर महिला अधिवक्ताओं समेत समस्त अधिवक्ता समुदाय में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई है। सभी ने निर्मला शर्मा को शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ दी हैं।

भारत सरकार द्वारा 17 अप्रैल 2025 को निर्मला शर्मा को व्यवसाय प्रमाण पत्र जारी किया गया है। यह प्रमाण पत्र विधि एवं न्याय मंत्रालय, विधि कार्य विभाग, नई दिल्ली के उप विधिक सलाहकार जय प्रकाश दुबे के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया। इस प्रमाण पत्र के माध्यम से निर्मला शर्मा को नोटरी अधिनियम 1952 (1952 का 53) के तहत नोटरी के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्हें आगामी पांच वर्षों तक संपूर्ण सोनभद्र जिले में नोटरी कार्य करने का अधिकार प्राप्त हुआ है।

निर्मला शर्मा, जोकि बिचपई गांव, थाना व तहसील रॉबर्ट्सगंज, जिला सोनभद्र की निवासी हैं, ने इस नियुक्ति के साथ न केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की है, बल्कि सोनभद्र की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का नया अध्याय रच दिया है। उनकी नियुक्ति से यह संदेश गया है कि अब महिलाएं भी विधि और न्याय क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं।

निर्मला शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देने वालों में कई प्रमुख महिला अधिवक्ता शामिल रहीं। वरिष्ठ अधिवक्ता पूनम सिंह, बिंदु यादव, पुष्पा तिग्गा, सुशीला वर्मा, गीता गौर, श्वेता भारद्वाज, सुमन, लता सिंह, शीला सिंह, दीपांजलि, पार्वती, प्रिया पांडेय, समृद्धि, सरिता सिंह, निर्भया, गरिमा, आसमा, कंचन, कंचन सिन्हा, नेहा यादव, आरती पांडेय, प्रीति पटेल, सना, शाहिना, आभा आदि ने निर्मला शर्मा को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

महिला अधिवक्ताओं ने निर्मला शर्मा की नियुक्ति को नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे आने वाली पीढ़ियों की महिलाओं को विधि क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।

निर्मला शर्मा ने भी अपनी नियुक्ति पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरे समर्पण और निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी और समाज में न्याय की स्थापना के लिए कार्यरत रहेंगी।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On