बीजपुर में बोलेरो का तांडव: किशोर को मारी टक्कर, 4 गोवंश को रौंदा — 2 की मौत, चालक फरार।

बभनी / सोनभद्र : नरेश गुप्ता / सोन प्रभात 

बीजपुर (सोनभद्र): बीजपुर-सिरसोती मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार का कहर उस समय देखने को मिला जब एक अनियंत्रित बोलेरो जीप ने सड़क पर चलते एक किशोर समेत चार गोवंशों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में जहां दो गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं घायल किशोर की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो जीप अत्यधिक गति में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। पुनर्वास प्रथम के समीप वाहन ने कन्हैया (16 वर्ष) पुत्र अशोक पाल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की तत्परता से उसे तत्काल रिहंद चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद पकड़े जाने के डर से चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। कुछ ही दूरी पर मार्ग किनारे खड़े चार गोवंशों को भी बोलेरो ने बेरहमी से रौंद दिया। इस हृदयविदारक घटना में एक गाय और एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मामले में स्थानीय निवासी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण हेतु प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On