महाशिवरात्रि पर दुद्धी में आस्था का महासागर उमड़ा, घंटा-घड़ियाल व शंखनाद के बीच भव्य रुद्राभिषेक एवं शिव-बारात का आयोजन.

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी | ब्यूरो चीफ, सोनभद्र | सोन प्रभात न्यूज

आस्था एवं सनातन परंपराओं की नगरी दुद्धी में महाशिवरात्रि पर्व पर सोमवार को प्रातःकाल से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घंटा-घड़ियाल एवं शंखनाद की दिव्य ध्वनि के बीच भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, मदार, शमी पत्र, बैर, पुष्प एवं अक्षत अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं के मन में ऐसा विश्वास झलक रहा था मानो स्वयं पृथ्वी लोक पर भोलेनाथ विराजमान हों।

शुभ मुहूर्त के अनुसार अपराह्न पश्चात कनहर नदी तट स्थित कन्हरेश्वर महादेव मंदिर, लौआ नदी तट स्थित कैलाश कुंज मंदिर, हीरेश्वर नाथ महादेव मंदिर, प्राचीन शिवाला मंदिर, पंचदेव मंदिर, शिव मंदिर (शिवाजी तालाब), लौआ पहाड़ी एवं गुड़गुड़ी पहाड़ी स्थित शिवालयों में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भव्य रुद्राभिषेक सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने शहद, घी, दुग्धाभिषेक के साथ अबीर, गुलाल, कुमकुम एवं रोली अर्पित कर परिवार सहित भगवान शिव की आराधना की, जिसमें महिला, पुरुष एवं बच्चों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

दोपहर 3 बजे के उपरांत प्राचीन शिवाला मंदिर से कैलाश कुंज मंदिर (मल्देवा) एवं ग्राम बीड़र से हीरेश्वर नाथ महादेव मंदिर के लिए जगत पिता महादेव की भव्य बारात निकाली गई। बारात में ब्रह्मा, विष्णु, महेश, नंदी बाबा एवं बजरंगबली की आकर्षक झांकियों के साथ सैकड़ों श्रद्धालु डीजे पर बजते भक्ति गीतों पर नाचते-गाते शामिल हुए।

ग्राम मल्देवा पहुंचने पर ग्राम प्रधान सीता देवी के प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल द्वारा आरती-पूजन एवं माल्यार्पण कर बारातियों का ठंडई से स्वागत किया गया। वहीं बीड़ी पट्टा गोदाम के समीप स्थित शिव मंदिर पर गौ सेवा प्रमुख आलोक जायसवाल, सोनू जायसवाल एवं मनीष जायसवाल के नेतृत्व में खीर का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

इसी क्रम में ग्राम बीड़र से निकली शिव बारात हीरेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंची, जहां रविंद्र जायसवाल एवं राखी जायसवाल के नेतृत्व में आयोजक मंडल द्वारा बारातियों का भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात भगवान शिव एवं माता पार्वती का वैवाहिक मांगलिक कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य सम्पन्न हुआ। भक्ति गीतों के बीच प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

प्राचीन शिवाला मंदिर से कैलाश कुंज (लवकुश पार्क) के लिए निकली बारात भूत-प्रेत, चुड़ैल एवं हाकिन-डाकिन की पारंपरिक वेशभूषा के साथ आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर परिसर में डॉक्टर लवकुश प्रजापति, डॉक्टर संजय जायसवाल, डॉक्टर उमाशंकर प्रजापति, प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल एवं अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा माल्यार्पण कर बारातियों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान रामेश्वर राय, रामपाल जौहरी एवं कमल कानू ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए इस 25 वर्षों से चली आ रही शिव-पार्वती विवाह परंपरा को सामाजिक समरसता एवं शांति-सौहार्द की मिसाल बताया। संचालन कुलभूषण पांडेय एडवोकेट एवं जितेन्द्र चन्द्रवंशी ने संयुक्त रूप से किया।

पूरे नगर क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, कस्बा प्रभारी, महिला थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं पीएसी के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। भव्य आरती-पूजन उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On