मून स्टार इंग्लिश स्कूल में धूमधाम से मनाई गई बिरसा मुंडा जयंती, बच्चों ने जाना ‘धरती आबा’ का संघर्ष।

म्योरपुर / सोनभद्र : आशीष गुप्ता / सोन प्रभात 

मून स्टार इंग्लिश स्कूल में मंगलवार को जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर बिरसा मुंडा की जयंती बड़े उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर देशभक्ति और आदिवासी गौरव की भावना से सराबोर रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व, उनके संघर्ष और समाज सुधार की भूमिका से अवगत कराना था।

दीप प्रज्वलन कर शुरू हुआ कार्यक्रम

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा मिश्रा ने बिरसा मुंडा के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा ने न केवल भारत की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया, बल्कि आदिवासी समाज को एकजुट कर उनके अधिकारों की रक्षा के लिए भी निर्णायक लड़ाई लड़ी। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम का प्रतीक है।

बच्चों ने देखी बिरसा मुंडा पर आधारित डाक्यूमेंट्री

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बिरसा मुंडा के जीवन और आंदोलन पर आधारित एक विशेष डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से बच्चों ने जाना कि मात्र 25 वर्ष की आयु में बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी और आदिवासी समाज में जागृति की नई लौ जलाई।

प्रतीकात्मक झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

इसके बाद विद्यालय के बच्चों द्वारा तैयार की गई प्रतीकात्मक झांकी सभी का ध्यान आकर्षित कर गई। कुछ छात्र बिरसा मुंडा के रूप में सजे थे, वहीं कुछ बच्चों ने अंग्रेज अधिकारियों की भूमिका निभाई। इस प्रस्तुति में उस समय की सामाजिक परिस्थितियों और बिरसा मुंडा द्वारा चलाए गए उलगुलान आंदोलन को जीवंत किया गया। दर्शकों ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की।।

शिक्षक–शिक्षिकाओं की रही सक्रिय उपस्थिति

इस अवसर पर विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह, शिक्षक–शिक्षिका दीपक राय, रोहित सिंह, अविनाश, मुरली मनोहर यादव, जया सिंह सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे। सभी ने महान जननायक बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

संकल्प के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में बच्चों को संदेश दिया गया कि वे बिरसा मुंडा के त्याग, साहस और नेतृत्व से प्रेरणा लेते हुए समाज और देश के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएँ। मून स्टार इंग्लिश स्कूल में मनाया गया यह आयोजन बच्चों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ और जनजातीय गौरव दिवस को सार्थकता प्रदान की।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On