म्योरपुर : अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल 9 वर्षीय बालिका की मौत, गांव में मातम.

म्योरपुर (सोनभद्र)/ Prashant Dubey – Sonprabhat News

म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव के समीप मुर्धवा–बीजपुर मार्ग पर मंगलवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 9 वर्षीय बालिका की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतिका की पहचान चांद कुमारी (9 वर्ष) पुत्री विनोद कुमार, निवासी ग्राम परनी के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की दोपहर चांद कुमारी सड़क किनारे थी, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालिका सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बालिका को बाइक से म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

 

प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक

म्योरपुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने बालिका की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने भी स्थिति नाजुक पाई और बेहतर इलाज के लिए उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी भेज दिया।

 

इलाज के दौरान मौत

ट्रामा सेंटर वाराणसी में बुधवार सुबह इलाज के दौरान चांद कुमारी ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में बालिका के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए थे और सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी। बालिका का पोस्टमार्टम वाराणसी में कराया गया।

 

पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी राम दरस राम ने बालिका की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। अभी तक वाहन का पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर मुर्धवा–बीजपुर मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On