संवाददाता: संजय सिंह | सोनभद्र
सोनभद्र जनपद के थाना पन्नूगंज क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ बाजार में 27/28 जनवरी की रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान मंगरू (उम्र लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई, जो मानसिक रूप से विक्षिप्त था और कस्बा रामगढ़ में भीख मांगकर जीवनयापन करता था।
घटना का विवरण
27/28 जनवरी की रात्रि में अज्ञात हमलावर द्वारा मंगरू की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वह प्रायः सड़क किनारे सो जाता था। मामले में ग्राम चौकीदार रामबली पुत्र गुलाब, निवासी ग्राम रामगढ़, की तहरीर पर थाना पन्नूगंज में मु०अ०सं० 21/2026, धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस की सक्रियता और गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर के पर्यवेक्षण में थाना पन्नूगंज पुलिस लगातार जांच में जुटी रही।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने करवनिया नहर मझिगाई पुलिया के पास से अभियुक्त विकाश कुमार उर्फ विक्की (26 वर्ष) पुत्र सरवन चेरो, निवासी ग्राम केवाल थाना कोन (हाल पता पचोखर, थाना पन्नूगंज) को गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पूर्व में छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं कर चुका है। 27 जनवरी को वह दिन में रामगढ़ बाजार आया था, जहां उसने शहजादा स्कूल के पास मंगरू को भीख में मिले पैसे गिनते देखा। तभी उसके मन में चोरी का विचार आया।
रात में वह चोरी के इरादे से वापस पहुंचा। जब उसने सो रहे मंगरू की जेब से पैसे निकालने की कोशिश की तो मंगरू जाग गया और उसका हाथ पकड़ लिया। पकड़े जाने के भय से अभियुक्त ने अपनी पैंट में छुपाया हुआ कांच का टुकड़ा (शीशा) निकालकर मंगरू के गले पर वार कर दिया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद अभियुक्त ने खून को मृतक के जैकेट में पोंछा और फरार हो गया।
बरामदगी
अभियुक्त की निशानदेही पर:
वारदात में प्रयुक्त कांच का टुकड़ा (शीशा)
खून लगे जैकेट, पैंट और जूते
को एक झोले से बरामद किया गया।
पुलिस टीम को इनाम
अभियुक्त की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह, हेड कांस्टेबल सुशील सिंह, कांस्टेबल ओम प्रकाश यादव, कांस्टेबल दीपक गिरी एवं महिला कांस्टेबल ममता यादव शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने टीम की सराहना करते हुए ₹10,000 के पुरस्कार की घोषणा की है।
Son Prabhat Live News is the leading Hindi news website dedicated to delivering reliable, timely, and comprehensive news coverage from Sonbhadra Uttar Pradesh + 4 States CG News, MP News, Bihar News and Jharkhand News. Established with a commitment to truthful journalism, we aim to keep our readers informed about regional, national, and global events.
















