Unlock 4 जाने:- सरकार ने अनलॉक 4 के लिए जारी किए दिशानिर्देश, कब खुलेंगे स्कूल?

लेख – एस0के0गुप्त “प्रखर”- सोनप्रभात
भारत सरकार ने आज शनिवार को अनलॉक 4 के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। यह दिशा निर्देश 30 सितंबर तक लागू रहेंगे। गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार, 7 सितंबर से मेट्रो की सेवाएं खुल सकेंगी। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय/रेल मंत्रालय द्वारा केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ परामर्श के बाद मेट्रो रेल को सात सितंबर से चरणबद्ध तरीके से संचालित करने दी जाएगी।
सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक कार्यों, सामाजिक, अकादमिक, खेल, मनोरंजन, और अन्य कार्यक्रमो में 21 सितंबर 2020 से 100 व्यक्तियों को शामिल होने की अनुमति दी जा सकती है। जब कि, इस तरह के सीमित समारोहों/कार्यक्रमो में अनिवार्य रूप से फेस मास्क पहनना, सामाजिक दूरी का पालन, थर्मल स्कैनिंग और हाथ धोने के लिए सैनिटाइजर का होना अनिवार्य होना चाहिए।
21 सितंबर 2020 से ओपन एयर थिएटरों को खोलने की अनुमति होगी। केंद्रशासित और
राज्यों के साथ व्यापक विचार -विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है कि स्कूल, कॉलेज और शैक्षिक कोचिंग संस्थान छात्रों के लिए 30 सितंबर 2020 तक कक्षा गतिविधि के लिए बंद रहेंगे।
दिशानिर्देशों के मुताबिक, राज्य/केन्द्र शासित प्रदेश की सरकारें केंद्र सरकार के परामर्श के बिना कंटेनमेंट जोन को छोड़कर किसी भी स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन नहीं लगाएंगी। अंतरराज्यीय और राज्यों के भीतर आवागमन को कोई रोक नहीं होगी। दिशा-निर्देशों में साफ तौर पर कहा गया है कि व्यक्तियों या सामान के राज्यों के भीतर आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं होना चाहिए।
22 मार्च से ही दिल्ली मेट्रो मेट्रो की सेवाएं ठप पड़ी हैं। इससे दिल्ली मेट्रो रेल निगम को काफी नुकसान हो रहा है। वहीं, दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले लोग भी काफी परेशान हैं। 7 सितम्बर से मेट्रो सेवा शुरू होने से लोगों को ज्यादा तकलीफो का सामना नहीं करना पड़ेगा।