म्योरपुर /सोनभद्र – आशीष गुप्ता – सोन प्रभात
- लड़की की उम्र 18 वर्ष जबकि दूल्हे का उम्र 38 वर्ष, गांव वालों ने दिया साथ बैरंग लौटी बारात।
सोनभद्र – म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की शाम नौ सौ किमी दूर से आयी बारात को ग्रामीणों ने लड़की के आपत्ति के बाद बैरंग लौटा दिया।
ग्राम प्रधान राजपति विश्वकर्मा ने बताया कि लड़की की उम्र आधार कार्ड पर 18 वर्ष जबकि दूल्हे की उम्र 38 वर्ष है। ऐसे में लड़की विवाह के लिए राजी नहीं हुई। गांव के लोगों ने भी उसका साथ दिया। इस पर दूल्हा पक्ष नाराज हो गया। रात 08 से आधी रात तक इसी बात को लेकर बहस होती रही। बाद में पता चला कि पड़ोसी गांव के एक व्यकि ने बिचौलिया की भूमिका निभाते हुए शादी के लिए गरीब आदिवासी लड़की के पिता को पैसे दिलाये थे और खुद भी पैसा लिया था। पोल खुलते ही पड़ोसी गांव का वह व्यक्ति वहां से भाग निकला। लड़की और ग्रामीणों के विरोध पर शादी भी रुक गई और बारात को बगैर शादी किए लौटना पड़ा। बताया गया कि बारात मध्य प्रदेश के (राजस्थान की सीमा से सटे) एक गांव से आई थी।