35 वर्षों से अधूरी काशीकुड़ बंधी को पूरा कराने की मांग को लेकर आदिवासी किसानों का प्रदर्शन

रिपोर्ट: बाबू लाल शर्मा | म्योरपुर, सोनभद्र – Sonprabhat News 

म्योरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आरंगपानी के सौ फीसदी आदिवासी बाहुल्य काशीकुड़ गांव में पिछले 35 वर्षों से अधूरी पड़ी काशीकुड़ बंधी को पूर्ण कराने की मांग को लेकर शनिवार को आदिवासी किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि बंधी का निर्माण अधूरा रहने से आज भी सैकड़ों किसानों की खेती वर्षा पर निर्भर है, जिससे उन्हें हर साल भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1990 में सिंचाई विभाग द्वारा लगभग 800 मीटर लंबी बंधी के निर्माण की योजना बनाई गई थी, जिसका उद्देश्य करीब 300 किसानों की लगभग एक हजार विघा कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना था। साथ ही दो किलोमीटर लंबी नहर निर्माण का भी प्रस्ताव था, जिससे आदिवासी किसानों की आय बढ़े और उनका जीवन स्तर सुधरे।

हालांकि विभाग द्वारा बंधी का निर्माण लगभग 90 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया, लेकिन नाले की मुख्य धारा को अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण पानी रुक नहीं पा रहा है। परिणामस्वरूप नहर निर्माण भी नहीं हो सका और पूरी परियोजना आज तक अधर में लटकी हुई है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण राम लखन, बजरंगी, रामरति पोया, राम कुमार सहित अन्य किसानों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार जिला मुख्यालय में लिखित शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। किसानों का कहना है कि पर्याप्त उपजाऊ भूमि होने के बावजूद सिंचाई सुविधा के अभाव में वे साल भर खेती नहीं कर पाते और मजबूरी में मजदूरी करने को विवश हैं।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की कि काशीकुड़ बंधी को शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आदिवासी किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे ब्लॉक मुख्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन में हरि प्रसाद सालबंदी, राजू गुप्ता, रामनवाज, रामपाल खरवार, रामजी सोनी, कुसुम, कौशल्या, रामलोचन धरकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और आदिवासी किसान मौजूद रहे।

काशीकुड़ गांव के ग्रामीणों का कहना है कि यह बंधी उनके जीवन और भविष्य से जुड़ा सवाल है, जिसे अब और नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On