नाबार्ड की टीम संग चीफ इंजीनियर ने कनहर सिंचाई परियोजना का किया दौरा।
- मार्च तक सभी स्लैब कास्टिंग पूर्ण करने के दिये निर्देश।
- जून तक विस्थापितों के लिए विकसित किये जा रहे पुनर्वास कालोनी को भी पूर्ण करने के लिए दिए निर्देश।
दुद्धी – सोनभद्र / जितेंद्र चंद्रवंशी – सोन प्रभात
दुद्धी/ सोनभद्र| नाबार्ड के महाप्रबंधक एचएन मिश्रा सहायक महाप्रबंधक पंकज कुमार संग चीफ इंजीनियर सिंचाई हर प्रसाद व अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार ने अमवार में निर्माणाधीन कनहर सिंचाई परियोजना का दौरा किया।
सर्व प्रथम सिंचाई विभाग के फील्ड हॉस्टल पहुँचे नाबार्ड के अधिकारियों संग सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति रिपोर्ट जानी इसके साथ ही अभियंताओं व कारदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मार्च के समाप्त होने तक मुख्य बांध के सभी स्लैब की कास्टिंग कर दी जाए साथ ही जून से पूर्व विस्थापितों के लिए निर्माणाधीन पुनर्वास ब्लॉक में छूटे काम पूर्ण कर लिए जाए|इसके बाद अधिकारियों की टीम स्पिलवे पहुँची जहाँ हो रहे स्लैब के निर्माण को बारीकी से देखा| इसके साथ ही अन्य कार्यों के प्रगति का अवलोकन किया|नाबार्ड की टीम के अधिकारियों ने परियोजना को नाबार्ड द्वारा दिए धन से हुए कार्यों की जमीनी हकीकत को जाना और कार्यो का वेरिफिकेशन किया|नाबार्ड को परियोजना निर्माण के लिए 1900 करोड़ रुपये देना है जिसमें अभी तक परियोजना निर्माण के लिए 1725 करोड़ रुपये नाबार्ड द्वारा सिंचाई विभाग को दिया जा चुका है| शेष राशि को अवमुक्त करने से पूर्व धन के सदुपयोग का निरीक्षण आज अधिकारियों ने किया| करीब 2 घंटे के निरीक्षण के बाद टीम वहां से वापस हो गयी| इस मौके पर अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ,अधिशासी अभियंता सत्य प्रकाश कनौजिया , अधिशाषी अभियंता राम आशीष, सहायक अभियंता राजकुमार जायसवाल , सहायक अभियंता संजय गुप्ता,हीरो प्रजापति के साथ अन्य अभियंता मौजूद रहे|