दामाद पर ससुर ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला,हालात गंभीर

बभनी। थाना क्षेत्र के धनवार ग्राम पंचायत के चकसानी गांव में बीती रात ससुर ने सो रहे दामाद पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे दामाद गम्भीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने पीआरवी 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को भनी सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां स्थित गम्भीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। क्षेत्र के धनवार ग्राम पंचायत के चकसानी गांव के चकटोला में बीती रात लगभग तीन बजे घर में सो रहे 38 वर्षीय रघुवीर गोड पुत्र रामसिंह पर एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह चारपाई पर ही छटपटाने लगा। चीख पुकार सुनकर आस-पास के लोग इकठ्ठा हो गये और सूचना पीआरबी को दी। पुलिस ने घायल को परिजनों की मदद से बभनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया। कुल्हाड़ी के प्रहार से रघुबीर के चेहरे पर आंख के पास गम्भीर चोटे आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में चिकित्सक ने उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस की पड़ताल में घायल की पत्नी फूलमती पुत्री रामधनी निवासी मुनगाडीह ने बताया कि उसकी शादी छत्तीसगढ़ में हुई शादी टूटने के बाद अपने भाई अर्जुन गोड़ के साथ रह रही थी। भाई ने बगैर पिता के मर्जी के उसकी शादी 28 जून को चकसानी गांव के रघुवीर से कर दी। रामधनी इस बात को लेकर नाराज़ था। इसी बात से नाराज होकर रामधनी ने रघुवीर पर जानलेवा हमला कर दिया। उप निरीक्षक वीरबहादुर सिंह चौधरी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ किया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश चन्द्र द्विवेदी ने बताया कि महिला से पूछताछ किया गया है। उसने बताया कि पिता द्वारा हमला किया गया है। पुलिस रामधनी की तलाश कर रही है।