June 23, 2025 7:47 PM

Menu

Sonbhadra News : महाशिवरात्रि पर डाला में उमड़ा आस्था का सैलाब: शिवालयों में भक्तों का तांता

Sonbhadra News | Anil Kumar Agrahari

डाला, सोनभद्र। महाशिवरात्रि का पावन पर्व बुधवार को डाला नगर क्षेत्र में बड़ी धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु जल, धतूरा, बेलपत्र, फल-फूल सहित पूजा सामग्री लेकर मंदिरों की ओर जाते दिखे।

अचलेश्वर महादेव मंदिर, बाड़ी क्षेत्र स्थित प्राचीन शिव मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर (सेक्टर-बी) और शिव-पार्वती अमर गुफा जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिरों में घंटियों की मधुर ध्वनि, शंखनाद और ‘बम-बम भोले’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा परिवेश भक्तिमय हो उठा।

भक्तगण भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। भक्त ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ भोलेनाथ से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना कर रहे थे।

प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजन

मंदिरों में भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्तों ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल अर्पित किए और घी के दीपक जलाकर आरती की।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

सुरक्षा के दृष्टिकोण से क्षेत्राधिकारी नगर चारू द्विवेदी स्वयं मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस बल की तैनाती से भीड़ को नियंत्रित किया गया और मंदिर परिसरों में शांति और व्यवस्था बनी रही।

आयोजन में दिखा सामाजिक समरसता का भाव

महाशिवरात्रि के अवसर पर नगरवासियों और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सेवा में विशेष योगदान दिया। भक्तों के लिए पानी, छांव और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था भी की गई थी।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On