June 23, 2025 10:10 PM

Menu

Sonbhadra News : विंढमगंज के प्रतीक पांडे ने रांची यूनिवर्सिटी में हासिल किया दूसरा स्थान

Sonbhadra News : विंढमगंज के डॉ. प्रतीक पांडे ने रांची के प्रतिष्ठित रिम्स मेडिकल कॉलेज में एमडी (शिशु रोग) में प्रथम स्थान प्राप्त किया, साथ ही पूरे रांची विश्वविद्यालय में दूसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

Sonbhadra News | Sonprabhat | Jitendra Kumar Chandravanshi

विंढमगंज, सोनभद्र । संघर्ष और मेहनत की मिसाल बने विंढमगंज निवासी डॉ. प्रतीक पांडे ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। झारखंड के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) में शिशु रोग विभाग से एमडी की पढ़ाई में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया, साथ ही पूरे रांची विश्वविद्यालय में द्वितीय स्थान अर्जित किया। उनकी इस सफलता से क्षेत्रवासियों में हर्ष और गर्व का माहौल है।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

डॉ. प्रतीक पांडे विंढमगंज निवासी द्रोणाचार्य पांडे के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मॉडर्न पब्लिक स्कूल, विंढमगंज से कक्षा 1 से 6 तक पूरी की, जबकि कक्षा 7 व 8 की पढ़ाई भारतीय इंटर कॉलेज, विंढमगंज से संपन्न की। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज से इंटरमीडिएट किया और फिर नीट परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा चले गए। उन्होंने दूसरे प्रयास में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर धनबाद मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला लिया, जहां उन्होंने गोल्ड मेडल भी प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने रांची के रिम्स में शिशु रोग (पेडियाट्रिक्स) विभाग से एमडी की पढ़ाई की और उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

प्रेरणा और लक्ष्य

डॉ. प्रतीक बचपन में पोलियो का शिकार हो गए थे, जिससे उन्हें स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियों का करीब से अनुभव हुआ। इसी कारण उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में जाने का संकल्प लिया। उनका कहना है, “विंढमगंज क्षेत्र चिकित्सा सुविधाओं के मामले में अभी भी काफी पिछड़ा हुआ है। मेरी हमेशा से इच्छा थी कि डॉक्टर बनकर अपने क्षेत्र की सेवा करूं।” अपनी सफलता का श्रेय वे अपने स्वर्गीय दादा राधाकृष्ण पांडे को देते हैं, जिन्होंने उन्हें हमेशा प्रेरित किया।

सम्मान और सराहना

डॉ. प्रतीक पांडे की इस उपलब्धि पर उन्हें झारखंड के राज्यपाल द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। उनकी सफलता से विंढमगंज सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सन क्लब सोसायटी, जय भवानी क्लब, रामनवमी समिति सहित कई संगठनों व सामाजिक संस्थाओं ने उन्हें बधाई दी है। सन क्लब सोसायटी के अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने घोषणा की कि डॉ. प्रतीक के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

डॉ. प्रतीक पांडे की यह सफलता न केवल उनके परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने की चाह रखते हैं।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On