June 23, 2025 7:43 PM

Menu

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने उल्लासपूर्वक मनाई फूलों की होली संग होली मिलन समारोह।

दुद्धी / सोनभद्र / जितेंद्र चंद्रवंशी/ सोन प्रभात 

दुद्धी, सोनभद्र। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिला दुद्धी द्वारा बहुउद्देशीय सभागार में भगवा गुरु ध्वज के तले उल्लासपूर्वक फूलों की होली का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर फाग गीतों की सुरम्य ध्वनि और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से ओत-प्रोत वातावरण ने सभी को रोमांचित कर दिया।

संस्कार और राष्ट्रवाद की पौधशाला बनी शाखा

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम न्यायिक अश्विनी कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए होली की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा किए जा रहे राष्ट्रनिर्माण के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों को निष्ठा और समर्पण के साथ संघ के दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए और देश, संस्कृति, सभ्यता एवं चरित्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

70 के दशक की स्मृतियों से जुड़ी संघ की प्रेरणा

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रांत कार्यकारिणी सदस्य एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक नंदकिशोर तिवारी, ने 70 के दशक में संघ की भूमिका को साझा करते हुए कहा कि संघ की शाखा केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत करने का एक मंच है। उन्होंने बताया कि आपदाओं के समय स्वयंसेवकों ने निःस्वार्थ भाव से श्रमदान करके राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन किया है।

संघ के प्रेरक विचार और राष्ट्रभक्ति के संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार एवं गुरुजी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बौद्धिक प्रमुख जीवन राम चंद्रवंशी ने “उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत” (उठो, जागो और अपने लक्ष्य को प्राप्त करो) का संदेश देते हुए बताया कि कठिन मार्गों पर चलकर ही सफलता प्राप्त होती है।

डॉ. सत्यम कुमार (सह नगर कार्यवाह) ने डॉ. हेडगेवार के प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए—
“शारीरिक शक्ति उतनी ही पवित्र और मंगलमय है जितनी कि आध्यात्मिक शक्ति। हमें हिंसा के लिए बलवान नहीं बनना है, बल्कि संसार से हिंसा और अत्याचार मिटाने के लिए सामर्थ्य संपन्न बनना है।”

भव्य होली मिलन समारोह और गणगीत प्रस्तुति

नगर प्रचारक वशिष्ठ जी ने संघ के गणगीत प्रस्तुत किए, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति से भर उठा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि को डॉ. हेडगेवार की पुस्तक भेंट की गई।

वरिष्ठ व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें नगर संघचालक अमरनाथ जयसवाल, जिला ग्राम विकास प्रमुख नंदलाल अग्रहरी, पूर्व जिला बौद्धिक प्रमुख अरुणोदय जौहरी, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, दुद्धी बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेमचंद यादव एडवोकेट, जिला प्रचार प्रमुख कृष्ण देव अग्रहरी, डॉ. विनय कुमार गुप्ता, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक जितेन्द्र चन्द्रवंशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, स्पोर्ट्स अकादमी अध्यक्ष शिव शंकर गुप्ता एडवोकेट, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुमित सोनी, मंडल महामंत्री मनीष जायसवाल, नगर कार्यवाह रितेश सोनी सहित अन्य संघ पदाधिकारी और स्वयंसेवक शामिल थे।

कार्यक्रम का संचालन जिला पर्यावरण प्रमुख बालेश्वर चौरसिया ने किया। इस होली मिलन समारोह ने राष्ट्रवाद, संस्कृति और संस्कारों की सुगंध बिखेरते हुए स्वयंसेवकों में नव ऊर्जा का संचार किया।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On