July 19, 2025 8:13 AM

Menu

डाला, सोनभद्र: ओबरा डैम के किनारे पेड़ से लटकता मिला प्रेमी युगल का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

Dala – Sonbhadra / Anil Agrahari / Sonprabhat News 

डाला, सोनभद्र |— चोपन थाना क्षेत्र के पनारी ग्राम पंचायत अंतर्गत गडवानी नीम डांड टोला में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मंगलवार की शाम करीब 4 बजे एक प्रेमी युगल का शव तेंदु के पेड़ से लटकता हुआ मिला। यह हृदयविदारक घटना ओबरा डैम के किनारे की है, जहां दुपट्टा और गमछा के सहारे युवक और युवती ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

मृतकों की पहचान अशोक खरवार (उम्र लगभग 19 वर्ष, पुत्र स्व. रूप नारायण) और सीता कुमारी (उम्र लगभग 18 वर्ष, पुत्री राम सागर खरवार) के रूप में हुई है। दोनों के शव उनके घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर पेड़ से लटके मिले। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ के नीचे मछली और चावल रखा हुआ था, जिससे कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि

दोनों मृतक आठवीं कक्षा तक पढ़े हुए थे। युवक अशोक खरवार सुकृत क्षेत्र में एक कम्प्रेसर डीलर के यहां काम करता था। इस दर्दनाक घटना की सूचना क्षेत्र पंचायत सदस्य अवधेश कुमार द्वारा पुलिस को दी गई।

पुलिस कार्रवाई

सूचना मिलते ही चोपन थानाध्यक्ष विजय कुमार चौरसिया और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर परिजनों की तहरीर के आधार पर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भिजवा दिया है। मामले की जांच गहनता से की जा रही है।

परिजनों की प्रतिक्रिया

मृतक युवक की मां लीलावती देवी ने बताया कि अशोक मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नाश्ता करके घर से निकला था। उन्होंने कहा, “हमें दोनों के प्रेम संबंध की कोई जानकारी नहीं थी, अगर होती तो हम खुद उनकी शादी करवा देते।” वहीं लड़की के भाई शनि कुमार ने भी यही कहा कि उन्हें इस संबंध की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी और यह घटना अचानक घटी है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है — यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण। मौके से बरामद वस्तुएं भी जांच का हिस्सा हैं। ग्रामीणों में घटना को लेकर शोक और असमंजस का माहौल बना हुआ है।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On