Sonbhadra News : भाजपा कार्यालय घेराव की कोशिश में बवाल, पुलिस से तीखी नोंकझोंक, कई कांग्रेसी हिरासत में.

Sonbhadra News -संवाददाता – संजय सिंह | Sonprabhat News 

सोनभद्र में गुरुवार को नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने उरमौरा बाईपास पर रोक लिया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड सहित कई वरिष्ठ और प्रमुख नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, पार्टी हाईकमान के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए जुटे थे। जैसे ही जुलूस उरमौरा बाईपास के पास पहुंचा, पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और जिलाध्यक्ष रामराज गोंड के नेतृत्व में वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लेटकर केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

स्थिति बिगड़ते देख सीओ रणधीर मिश्रा और कोतवाल माधव सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोंकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया और यातायात बहाल कराया। इसके बाद जिलाध्यक्ष रामराज गोंड समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी चूर्क ले जाया गया।

हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेताओं ने बताया कि वे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार राजनीतिक बदले की भावना से ईडी का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यालयों का घेराव किया जाना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन रोक दिया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अवैध रूप से संपत्ति अर्जित कर देशभर में अपने कार्यालय बनाए हैं और अब विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर ईडी का इस्तेमाल कर नेशनल हेराल्ड जैसे “झूठे मामलों” में कांग्रेस नेताओं को परेशान किया जा रहा है। यह लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भाजपा कार्यालय पर पहले से ही पुलिस और पीएसी बल की तैनाती की गई थी। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया और स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास करता रहा।

इस घटनाक्रम ने एक बार फिर जिले में राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार ने ईडी की कार्रवाई वापस नहीं ली, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On