ओबरा ने दानापुर को 5 विकेट से हराया, प्रियांशु बने मैन ऑफ द मैच।

दुद्धी (सोनभद्र) सोन प्रभात 

39वें टाउन क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत बुधवार, 31 दिसंबर 2025 को ओबरा और दानापुर के बीच खेले गए रोमांचक टी-20 मुकाबले में ओबरा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दानापुर को 5 विकेट से पराजित कर दिया। मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले प्रियांशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मैच की शुरुआत दानापुर द्वारा टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले से हुई। दानापुर की टीम निर्धारित 20 ओवर पूरे नहीं खेल सकी और 17 ओवर में ही सभी विकेट गंवाकर 143 रन पर सिमट गई। दानापुर की ओर से पंकज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 2 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 51 रन बनाए। वहीं साहिल ने 2 छक्के और 2 चौकों के साथ 20 रन, अक्षय ने 1 छक्का और 2 चौकों की मदद से 17 रन तथा स्पर्श ने 1 छक्के की मदद से 15 रन का योगदान दिया।

144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओबरा की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 13.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 146 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। ओबरा की ओर से साहिल ने तूफानी पारी खेलते हुए 5 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 68 रन बनाए। प्रदीप ने 1 छक्का और 3 चौकों की सहायता से 24 रन, अनुराग ने 1 छक्का और 3 चौकों के साथ 19 रन तथा प्रियांशु ने 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

गेंदबाजी में भी ओबरा के प्रियांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दानापुर के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनके इस बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। यह पुरस्कार डीएलसी पब्लिक स्कूल, दुद्धी के प्रिंसिपल रामानुज दुबे ने अपने कर-कमलों द्वारा प्रदान किया।

मैच के दौरान टाउन क्रिकेट क्लब के सचिव रजत राज, संदीप गुप्ता सहित कई खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों द्वारा जानकारी दी गई कि 1 जनवरी 2026 को टूर्नामेंट में खेल का अवकाश रहेगा, जिसके बाद अगले मुकाबले खेले जाएंगे।

— जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On