कार से 10 लाख रुपये की टप्पेबाजी का सनसनीखेज खुलासा, महिला सहित नायडू गैंग के 6 सदस्य गिरफ्तार।

  • पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, बड़ी रकम खातों में होल्ड।

रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। संवाददाता – संजय सिंह

जनपद सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में कार से 10 लाख रुपये की टप्पेबाजी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए अंतरराज्यीय नायडू गैंग का पर्दाफाश किया है। इस मामले में महिला सहित 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस मुठभेड़ में गैंग लीडर समेत दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं।

घटना 26 दिसंबर 2025 की है, जब बलिया निवासी विद्यासागर तिवारी ने थाना रॉबर्ट्सगंज में तहरीर दी थी कि उनकी कंपनी सीएसडी इन्फ्रा के कैशियर प्रकाश द्विवेदी व चालक रविकांत बैंक ऑफ बड़ौदा, मुख्य शाखा रॉबर्ट्सगंज से 10 लाख रुपये नकद निकालकर वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान बैंक परिसर में अज्ञात बदमाशों ने वाहन का टायर पंचर कर दिया। आगे रामलीला मैदान गेट के पास टायर पूरी तरह बैठ जाने पर चालक टायर लेने चला गया। इसी बीच एक शातिर बदमाश ने कैशियर को भ्रमित कर रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया।

तहरीर के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0-1273/2025 धारा 318(4), 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अनिल कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज व एसओजी टीम ने जांच शुरू की।

मुठभेड़ में दो बदमाश घायल

 

मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार देर रात चुर्क रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग लीडर सुब्रमन्यम पुत्र वेंकेट स्वामी और बालामुर्गन पुत्र नारायण (निवासी – वाकीपाड़ा, करंजी खुर्द, थाना नवापुर, जिला नंदुरबार, महाराष्ट्र) के पैर में गोली लगी। वहीं तीसरे अभियुक्त रामू नायकर उर्फ रामू नायडू पुत्र गणेश (निवासी कामराज नगर, तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 2 अवैध देशी तमंचे, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस और 1,35,000 रुपये नकद बरामद किए। घायल बदमाशों को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज रॉबर्ट्सगंज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

महिला सदस्य और नाबालिगों का इस्तेमाल

पूछताछ में अभियुक्त रामू नायडू ने खुलासा किया कि घटना को अंजाम देने में गैंग की महिला सदस्य नंदिनी पत्नी राजू (उम्र लगभग 35 वर्ष) और दो नाबालिग लड़के भी शामिल थे। योजना के तहत एक नाबालिग से वाहन का टायर पंचर कराया गया, जबकि दूसरा निगरानी के लिए खड़ा किया गया। मौका मिलते ही नाबालिग द्वारा रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया गया।

अभियुक्तों ने बताया कि वे अक्सर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इस तरह की घटनाएं करते हैं और संदेह से बचने के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल करते हैं। चोरी के बाद अधिकतर रकम बैंक खातों में जमा कर दी जाती है, जिसे परिजन निकाल लेते हैं।

बड़ी रकम खातों में होल्ड

पुलिस ने बताया कि चोरी की गई कुल 10 लाख रुपये में से 1.35 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं, जबकि शेष 8.35 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा थे। कार्रवाई के तहत एसबीआई बैंक में 8,15,610 रुपये और आईसीआईसीआई बैंक में 16,150 रुपये को होल्ड करा दिया गया है।

पहले भी कर चुके हैं वारदात

अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि इससे पूर्व रॉबर्ट्सगंज में ओवरब्रिज के नीचे खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोरी, फतेहपुर जनपद में टप्पेबाजी तथा अन्य जिलों में भी इसी तरह की घटनाएं की गई हैं। 1 जनवरी 2025 को इसी गैंग की महिला सदस्य नंदिनी व दो नाबालिगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस टीम को मिली सराहना

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह, एसओजी प्रभारी राजेश चौबे, चौकी प्रभारी कस्बा अमित सिंह, चौकी प्रभारी चुर्क विनोद कुमार यादव सहित एसओजी व थाना रॉबर्ट्सगंज की टीम शामिल रही।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On