बरवाडीह ग्राम पंचायत में 3 वर्षों से घोर अनियमितता, जांच में शिकायत सही, विधिक कार्रवाई तय।

डाला / सोनभद्र – अनिल कुमार अग्रहरि / सोन प्रभात 

डाला सोनभद्र। विकास खंड कोन अंतर्गत ग्राम पंचायत बरवाडीह में सत्र 2022–23 से सत्र 2024–25 तक भारी अनियमितता एवं सरकारी धन की बंदरबांट का गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान गांव में निवास नहीं करती हैं, जबकि पंचायत से जुड़े अधिकांश कार्य उनके पति के भतीजे द्वारा संचालित किए जा रहे थे।

आरोप है कि पंचायती राज अधिनियम का खुला उल्लंघन करते हुए प्रधान प्रतिनिधि ने टैंकर परिचालन, मजदूरों की मजदूरी, हैंडपंप मिस्त्री की मजदूरी सहित कई विकास कार्यों में कई लाख का भुगतान अपने नाम तथा अपने भाइ व बहनों के नाम करा कर निजी हित में लाभ पहुंचाया। इससे ग्राम पंचायत की धनराशि का दुरुपयोग हुआ और ग्राम सभा में व्यापक स्तर पर लूट की स्थिति बन गई।

इस पूरे प्रकरण को लेकर डाला निवासी अर्जुन सिंह ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के क्रम में हुई प्रशासनिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप सत्य पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद संबंधितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई होना तय बताया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो पंचायत व्यवस्था पर से लोगों का भरोसा पूरी तरह उठ जाएगा। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि दोषियों के खिलाफ कब और क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On