डाला, सोनभद्र / अनिल कुमार अग्रहरि / सोन प्रभात
बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में बंद पड़ी पत्थर खदानों को पुनः चालू कराए जाने को लेकर शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई। समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड़ के नेतृत्व में खनन व्यवसायियों के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया के आवास पर उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने खनन उद्योग को लेकर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में हुए एक खनन हादसे के बाद खान सुरक्षा निदेशालय, वाराणसी के आदेश पर क्षेत्र की कुल 37 खदानों का संचालन बंद कर दिया गया था। इससे न सिर्फ खनन व्यवसायियों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है, बल्कि सैकड़ों मजदूरों की रोज़ी-रोटी भी संकट में आ गई है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए खनन व्यवसायी समाज कल्याण राज्य मंत्री के साथ दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय श्रम मंत्री को पूरे मामले से अवगत कराया।

वार्ता के दौरान केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों के साथ खनन उद्योग को पुनः चालू करना आवश्यक है, ताकि रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने खान सुरक्षा निदेशालय, गाजियाबाद एवं वाराणसी को निर्देशित किया कि वे 24 घंटे के भीतर बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र की बंद खदानों को चालू कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करें और इसकी सूचना उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री को दें।
समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड़ ने बताया कि खनन उद्योग को सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर केंद्रीय मंत्री के साथ सार्थक और सकारात्मक वार्ता हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही खनन क्षेत्र में गतिविधियां पुनः शुरू होंगी, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
डाला बिल्ली मारकुंडी क्रशर ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि केंद्रीय श्रम मंत्री द्वारा समस्या को जिस गंभीरता से लिया गया है, उससे खनन व्यवसायियों में उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने को कहा है।
इस मौके पर रमेश सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, मिंटू राय, मोहन कुशवाहा सहित कई खनन व्यवसायी उपस्थित रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से जल्द ही बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में फिर से चहल-पहल लौटेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
Son Prabhat Live News is the leading Hindi news website dedicated to delivering reliable, timely, and comprehensive news coverage from Sonbhadra Uttar Pradesh + 4 States CG News, MP News, Bihar News and Jharkhand News. Established with a commitment to truthful journalism, we aim to keep our readers informed about regional, national, and global events.

















