राज्य मंत्री संजीव सिंह गौड़ ने किया डाला–गजराज नगर संपर्क मार्ग का भूमि पूजन।

  • लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण को मिली मंजूरी, क्षेत्रवासियों में हर्ष।

डाला, सोनभद्र। अनिल अग्रहरि/ सोन प्रभात 

ओबरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी–शक्तिनगर मुख्य मार्ग को जोड़ने वाले डाला से ओबरा (गजराज नगर) तक वर्षों से प्रतीक्षित संपर्क मार्ग के निर्माण एवं मरम्मत कार्य का शुभारंभ मंगलवार को विधिवत रूप से किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव सिंह गौड़ ने वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं नारियल फोड़कर इस महत्वपूर्ण परियोजना का भूमि पूजन किया।

भूमि पूजन के पश्चात राज्यमंत्री ने प्रतीकात्मक रूप से मिट्टी पर फावड़ा चलाकर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार डाला–गजराज नगर को जोड़ने वाले लगभग 4 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण की मांग स्थानीय नागरिकों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। मार्ग की जर्जर हालत के कारण रोजमर्रा की आवाजाही, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों, श्रमिकों तथा मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

लगातार जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे जाने और स्थानीय स्तर पर उठी आवाज के बाद आखिरकार इस बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली। अब सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री संजीव सिंह गौड़ ने कहा कि,
“काफी लंबे समय से इस मार्ग की स्थिति बेहद खराब थी, जिससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी। उत्तर प्रदेश सरकार जनहित और क्षेत्रीय विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
कार्यक्रम में भाजपा संगठन और स्थानीय प्रशासन के कई पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

इनमें प्रमुख रूप से मण्डल अध्यक्ष ओबरा शिवनाथ जायसवाल, मण्डल अध्यक्ष चोपन भगवान दास केशरी, वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश सिंह पटेल, संजीव त्रिपाठी, पूर्व प्रधान राजाराम यादव, पूर्व मण्डल अध्यक्ष ओबरा सतीश पाण्डेय, मनोज त्रिपाठी ‘बाबा’, मण्डल महामंत्री श्रीमती सरिता पटेल, पूर्व जिलामंत्री श्रीमती सुनीता पाण्डेय तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह, उत्कर्ष सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सड़क निर्माण की शुरुआत होते ही गजराज नगर और डाला क्षेत्र के निवासियों ने राहत की सांस ली और सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग के दुरुस्त होने से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगी।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On