अनपरा, सोनभद्र। Sonprabhat News
साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अनपरा की साइबर टीम ने एक बार फिर सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार युवक को 58,872 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई है। इसके साथ ही अब तक पीड़ित को कुल 4,41,172 रुपये की राशि लौटाई जा चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक मोहित दूबे पुत्र सतीश कुमार दूबे, निवासी केराकत, जनपद जौनपुर (हाल पता– औड़ी मोड़) के साथ जनवरी 2024 में टेलीग्राम ऐप के माध्यम से “पैसा डबल करने” के नाम पर अज्ञात साइबर ठगों द्वारा कुल 16 बार में 18,63,966 रुपये की ठगी की गई थी। इस संबंध में पीड़ित द्वारा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर विधिवत शिकायत दर्ज कराई गई थी।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में थाना अनपरा की साइबर टीम द्वारा मामले की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान पीड़ित की ठगी गई कुल धनराशि में से 4,58,882 रुपये विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराए गए। तत्पश्चात NCRP पोर्टल से आवश्यक साक्ष्य संकलित कर संबंधित बैंक शाखाओं से ई-मेल पत्राचार किया गया।
दिनांक 01 फरवरी 2026 को 3,82,300 रुपये
दिनांक 09 फरवरी 2026 को 58,872 रुपये
पीड़ित के मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस कराए गए।
इस प्रकार अब तक कुल 4,41,172 रुपये की राशि पीड़ित को वापस मिल चुकी है। शेष होल्ड धनराशि को भी शीघ्र पीड़ित के खाते में वापस कराने हेतु संबंधित बैंकों से लगातार पत्राचार किया जा रहा है।
वापस कराई गई नवीनतम धनराशि
🔹 58,872 रुपये
धनराशि वापस कराने वाली टीम
सत्येन्द्र कुमार राय – प्रभारी निरीक्षक, थाना अनपरा, जनपद सोनभद्र
हेड कांस्टेबल आनंद मोहन बिंद – साइबर हेल्प डेस्क, थाना अनपरा, जनपद सोनभद्र
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच, ऑनलाइन निवेश या “पैसा डबल” जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
Son Prabhat Live News is the leading Hindi news website dedicated to delivering reliable, timely, and comprehensive news coverage from Sonbhadra Uttar Pradesh + 4 States CG News, MP News, Bihar News and Jharkhand News. Established with a commitment to truthful journalism, we aim to keep our readers informed about regional, national, and global events.

















