सोनभद्र : पन्नूगंज में 12 वर्षीय बालक की निर्मम हत्या का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार.

संवाददाता: संजय सिंह | सोनभद्र

सोनभद्र जिले के थाना पन्नूगंज क्षेत्र में 12 वर्षीय बालक की निर्मम हत्या की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम और पन्नूगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 11 मार्च की रात्रि लगभग 8:15 से 8:30 बजे के बीच थाना पन्नूगंज क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में एक बालक की हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना पन्नूगंज पुलिस और उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की।

पूछताछ के दौरान वादी शिव मूरत गुप्ता पुत्र तपेश्वरी, निवासी कस्बा रामगढ़, थाना पन्नूगंज ने बताया कि उनका नाती आर्यन गुप्ता (12 वर्ष) पुत्र राजू गुप्ता अपने साथी राज चौहान पुत्र विनोद चौहान के साथ खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठा दिवाकर गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता, निवासी कसारी पोस्ट रामगढ़, थाना पन्नूगंज, उम्र लगभग 20 वर्ष, अंधेरे का फायदा उठाकर बच्चों को पकड़कर ले गया। इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से आर्यन गुप्ता का गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना पन्नूगंज में मु0अ0सं0 48/2026 धारा 61(2) व 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस व एसओजी की चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।

गठित टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी दिवाकर गुप्ता को रविवार दोपहर 1:05 बजे पकरहट नहर पुलिया, राकी गांव के पास से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है, वहीं मासूम बालक की हत्या से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Ad- Shivam Medical

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

For More Updates Follow Us On

For More Updates Follow Us On