सोनभद्र : राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में दो युवकों की रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है।एक ही गांव, एक ही रात और संदिग्ध हालात में हुई दो मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।मामला अब महज मौत का नहीं, बल्कि साजिश, रंजिश और शक की गहराई में उतरता जा रहा है।दोनों मृतकों के परिजन आमने-सामने हैं और एक-दूसरे पर सीधा हत्या का आरोप लगा रहे हैं।पहले से चल रहे विवाद, पुलिस तक पहुंचा मामला और फिर अचानक हुई मौतों ने पूरे घटनाक्रम को और भी रहस्यमयी बना दिया है।आखिर ये महज इत्तेफाक है या किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा इसका जवाब तलाशने में जुटी है पुलिस।

राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गोरडीहा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवकों की मौत की खबर सामने आई।बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।परिजनों के अनुसार राबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर दी गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों को बुलाकर समझौते की कोशिश की गई, लेकिन जब बात नहीं बनी तो विवाद के निस्तारण के लिए उन्हें पुलिस लाइन भी बुलाया गया था।
इसी बीच रात होते ही घटनाक्रम ने ऐसा मोड़ लिया जिसने सभी को चौंका दिया।दोनों युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा पसर गया।घटना के बाद दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हत्या का आरोप लगाने लगे।एक पक्ष का दावा है कि मृतकों में से एक युवक के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और पूरे मामले को हर एंगल से खंगालने में जुटी हुई है।परिजनों के आरोप, मौके से मिले साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, लेकिन मौत के असली कारण अभी भी रहस्य बने हुए हैं। गांव में दहशत का माहौल है, लोग सकते में हैं और हर कोई यही जानना चाहता है कि आखिर इन दो मौतों के पीछे सच्चाई क्या है, क्या यह महज एक संयोग है या फिर किसी गहरी साजिश की परतें धीरे-धीरे खुलने वाली हैं।पुलिस की जांच ही अब इस पूरे रहस्य से पर्दा उठाएगी।

Mukesh (aka Shaktipal) is a journalist with 10 years of experience in Sonbhadra, known for his ground-level reporting and strong focus on local public issues.
















