46 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र, राज्यमंत्री ने कहा—किसानों की सेवा को बनाएं सर्वोच्च प्राथमिकता
सोनभद्र। युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवा से जोड़ने की दिशा में मंगलवार को जनपद के 46 युवाओं के लिए खास दिन रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कृषि विभाग में नवचयनित प्राविधिक सहायक ग्रुप-‘सी’ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उप कृषि निदेशक कार्यालय के सभागार में किया गया
7:55 PM, Aug 25, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवा से जोड़ने की दिशा में मंगलवार को जनपद के 46 युवाओं के लिए खास दिन रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कृषि विभाग में नवचयनित प्राविधिक सहायक ग्रुप-‘सी’ अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उप कृषि निदेशक कार्यालय के सभागार में किया गया।जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव कुमार गोंड ने की। उन्होंने 46 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे।राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा के महत्वपूर्ण दायित्व की शुरुआत है। उन्होंने नवचयनित कार्मिकों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की कृषि कल्याणकारी योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाई जाए।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और प्रतिभा के आधार पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। कृषि विभाग में प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से विभागीय कार्यों को गति मिलेगी तथा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नवचयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना। मुख्यमंत्री के संबोधन से नवचयनित कार्मिकों को शासकीय सेवा में पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिली।नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले नवचयनित प्राविधिक सहायकों में नई जिम्मेदारी को लेकर खासा उत्साह रहा। उन्होंने कृषि और किसान कल्याण के क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और नवचयनित प्राविधिक सहायक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें






