बहन से विवाद के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
बहन से विवाद के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
9:55 PM, Jun 10, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

सोनभद्र, चोपन। चोपन थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां दो बहनों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र के कांशीराम आवास, चोपन बैरियर स्थित बस्ती निवासी तरबेज आलम की 16 वर्षीय पुत्री खुशी का अपनी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद वह आहत होकर अपने कमरे में चली गई और घर के अंदर फांसी लगा ली।काफी देर तक खुशी के दिखाई न देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जब परिजन कमरे में पहुंचे तो उसे फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची चोपन पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।सीएचसी चोपन में तैनात चिकित्सक डॉ. नवनीत श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरी को अस्पताल लाए जाने पर जांच की गई, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।प्रभारी निरीक्षक चोपन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें






