होमवीडियो LIVE
BREAKING

विज्ञापन

बचपन की फोटो से AI ने बनाया 30 साल की महिला का चेहरा, पांच साल बाद राजस्थान से मिली लापता मंजू.

करीब पांच साल से लापता महिला की बचपन की तस्वीर के सहारे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप तस्वीर तैयार की गई।

4:51 PM, Nov 20, 2026

Share:

Edited By: U. Gupta , Reported By: नरेश कुमार गुप्ता

बचपन की फोटो से AI ने बनाया 30 साल की महिला का चेहरा, पांच साल बाद राजस्थान से मिली लापता मंजू.

करीब पांच साल से लापता महिला की बचपन की तस्वीर के सहारे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप तस्वीर तैयार की गई।

हमसे जुड़ने के लिए फॉलो करें:
Instagram
सोन प्रभात लाइव न्यूज़ डेस्क

ChatGPT और Google Gemini की मदद से तैयार की गई वर्तमान उम्र के अनुरूप तस्वीर बनी पहचान का आधार, आरक्षी विजय पाण्डेय को डीजीपी ने दिया ₹5 हजार का पुरस्कार

सोनभद्र। आधुनिक तकनीक अब पुलिस की जांच में भी अहम भूमिका निभाने लगी है। इसका एक उदाहरण सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां करीब पांच साल से लापता महिला की बचपन की तस्वीर के सहारे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप तस्वीर तैयार की गई। इसी तस्वीर की मदद से पुलिस ने महिला की पहचान सुनिश्चित करते हुए राजस्थान के चूरू जिले से उसे सकुशल बरामद कर लिया। इस पूरे अभियान में थाना बभनी पर तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के जौराही निवासी किस्मत देवी ने 14 जुलाई 2026 को अपनी पुत्री मंजू देवी खरवार (करीब 30 वर्ष) के लापता होने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। बताया गया कि करीब पांच वर्ष पहले शादी कराने की बात कहकर एक महिला उसे वाराणसी ले गई थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन परिजनों और ससुराल पक्ष से उसकी कोई वर्तमान तस्वीर उपलब्ध नहीं हो पा रही थी।

विज्ञापन

विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित विद्यालय से संपर्क किया। वहां वर्ष 2007 में कक्षा चार में पढ़ाई के दौरान छात्रवृत्ति फार्म में लगी मंजू की बचपन की तस्वीर प्राप्त हुई। हालांकि, बचपन की तस्वीर के आधार पर करीब 30 वर्ष की महिला की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। इसी दौरान बभनी थाने में तैनात आरक्षी विजय पाण्डेय ने नई तकनीक का सहारा लिया। उन्होंने मंजू की बचपन की तस्वीर के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों का उपयोग करते हुए ChatGPT और Google Gemini AI प्लेटफॉर्म की मदद से उसकी वर्तमान उम्र के अनुरूप संभावित तस्वीर तैयार की। इस तस्वीर को परिजनों को दिखाया गया तो उन्होंने मंजू के रूप में उसकी पहचान की पुष्टि की।

इसके बाद तैयार तस्वीर और विवेचना में मिली अन्य जानकारियों के आधार पर आरक्षी विजय पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ राजस्थान के चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र के गोविन्द सिंह का बास गांव पहुंचकर 16 अक्टूबर 2026 को मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मंजू वहां अपने पति उमेंद्र के साथ रह रही थी और उसके दो बच्चे भी हैं। इस अभिनव प्रयास और महिला की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ की ओर से आरक्षी विजय पाण्डेय को पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं, 20 नवंबर को पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और 2,100 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

विज्ञापन

पुलिसकर्मियों को भी दिया जा रहा AI का प्रशिक्षण

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में सोनभद्र पुलिसकर्मियों को ChatGPT और Google Gemini सहित आधुनिक AI प्लेटफॉर्म के उपयोग का प्रशिक्षण देने के लिए कार्यशाला भी आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य जांच और विवेचना में तकनीक का सहायक उपकरण के रूप में उपयोग करना है। पुलिसकर्मियों को यह भी बताया गया है कि AI से प्राप्त जानकारी का उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन करने के बाद ही नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Breaking से पहले Believing —
Son Prabhat News, since 2019

Follow Us:

Instagram

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreSonprabhat Live

© Copyright Sonprabhat 2026. All rights reserved.

Developed by SpriteEra IT Solutions