नवरात्र से पहले सोनभद्र के 2483 विद्यार्थियों के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति, 65.79 लाख रुपये की धनराशि हस्तांतरित
सोनभद्र। नवरात्र से पहले जिले के 2483 छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि पहुंचाई गई। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया
9:04 PM, Oct 3, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। नवरात्र से पहले जिले के 2483 छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि पहुंचाई गई। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सोनभद्र के कलक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां अधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
जनपद में छात्रवृत्ति वितरण के प्रथम चरण के तहत समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संबंधित 2483 विद्यार्थियों के खातों में कुल 65 लाख 79 हजार 149 रुपये की धनराशि भेजी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी पढ़ाई में आर्थिक बाधाओं को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी और स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या में कमी लाने में भी योजना उपयोगी साबित हो सकती है। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति से संबंधित योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी। साथ ही पात्र विद्यार्थियों को समय से आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे, बीएसए मुकुल आनंद पांडेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, डीआईओएस जय राम सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह भदौरिया और पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र देव पांडेय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें






