सोन नदी में डूबे तीसरे युवक का शव 48 घंटे बाद मिला बोलबम शव बरामद, मीतापुर में तीन मौतों से पसरा मातम
सोन नदी में डूबे तीसरे युवक का शव 48 घंटे बाद मिला बोलबम शव बरामद, मीतापुर में तीन मौतों से पसरा मातम
9:48 PM, Jun 26, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर स्थित सोन नदी में डूबे तीसरे युवक का शव घटना के 48 घंटे से अधिक समय बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर गोठानी मंदिर के समीप नदी से शव निकाला।पुलिस ने परिजनों से शव की पहचान कराने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया। मृतक की पहचान मीतापुर निवासी 16 वर्षीय बोल बम केवट पुत्र लोधी के रूप में हुई है। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।इससे पहले हादसे में 18 वर्षीय संदीप निषाद पुत्र रविंद्र तथा 10 वर्षीय दीपक केवट पुत्र भगवान दास की मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि मीतापुर निवासी रतन केवट की पुत्री के चौथी कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग सोन नदी के किनारे एकत्र हुए थे। इसी दौरान दीपक और बोल बम नदी में नहाने उतरे और गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। वहीं संदीप निषाद की भी नदी में डूबने से मौत हो गई।संदीप की मौत को लेकर ग्रामीणों और प्रशासन के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के दौड़ाने पर घबराकर संदीप ने नदी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान चली गई। हालांकि प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि संदीप की मौत भी नदी में नहाने के दौरान डूबने से हुई है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।इधर ग्रामीणों ने लंबे समय से निर्धारित क्षेत्र से बाहर हो रहे कथित अवैध बालू खनन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि अवैध खनन के कारण सोन नदी कई स्थानों पर अत्यधिक गहरी और दलदली हो गई है, जिससे इस तरह के हादसों की आशंका लगातार बढ़ रही है। घटना के बाद पूरे मीतापुर गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें






