सीजेएम के आदेश पर दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा, महिला की मौत में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप
सीजेएम के आदेश पर दो डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा, महिला की मौत में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप
9:33 PM, Jul 17, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के रेक्सहवां निवासी विनोद कुमार यादव की शिकायत पर उनकी मां की मौत के मामले में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) के आदेश पर पुलिस ने दो चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, विनोद कुमार यादव ने उरमौरा स्थित सोनभद्र मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर के चिकित्सक डॉ. विजय कुमार सिंह तथा वाराणसी स्थित मां राजवंती हॉस्पिटल (मां राजवंती केयर सर्विल प्राइवेट लिमिटेड, कंदवा इकाई, चितईपुर) के डॉ. संदेश कुमार सिंह पर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है।
आरोप है कि प्रारंभिक उपचार के बाद डॉ. विजय कुमार सिंह ने बेहतर इलाज का हवाला देते हुए मरीज को वाराणसी रेफर किया। तीन मई 2022 को मां राजवंती हॉस्पिटल में महिला की सर्जरी की गई, जिसमें एनेस्थोलॉजिस्ट के रूप में डॉ. संदेश कुमार सिंह भी शामिल थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सर्जरी के बाद उनकी मां की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था को लेकर अव्यवस्था थी और जरूरी चिकित्सा संसाधन समय पर उपलब्ध नहीं हो सके।
विनोद यादव का कहना है कि ऑपरेशन से पहले उनकी मां की सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य थीं और चिकित्सकों ने उन्हें सर्जरी के लिए फिट बताया था। उनका आरोप है कि चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उनकी मां की जान गई।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने दोनों चिकित्सकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






