भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, 188 घाटों पर 30 हजार से अधिक व्रतियों ने दिया अर्घ्य
Sonbhadra:लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हो गया। रविवार की शाम जिले के 188 प्रमुख छठ घाटों पर 30 हजार से अधिक व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की
3:01 PM, Nov 16, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

Sonbhadra:लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हो गया। रविवार की शाम जिले के 188 प्रमुख छठ घाटों पर 30 हजार से अधिक व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। वहीं, सोमवार की भोर होते ही उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए एक बार फिर घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।छठ महापर्व को लेकर जिलेभर में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। दिवाली के बाद से ही घरों में साफ-सफाई और पूजन सामग्री जुटाने का सिलसिला शुरू हो गया था। चार दिवसीय अनुष्ठान के पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ व्रत का संकल्प लिया गया। शनिवार को व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से खरना पूजन किया। इसके बाद रविवार को पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया।रविवार की दोपहर बाद से ही नदी, तालाबों और जलाशयों के किनारे बने छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सिर पर पूजन सामग्री से भरी दउरी और हाथों में प्रसाद लेकर परिवार के पुरुष सदस्य आगे चल रहे थे, जबकि व्रती महिलाएं छठी मइया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों तक पहुंचीं। मन्नत पूरी होने पर कई व्रती महिलाएं दंडवत करते हुए भी घाटों पर पहुंचीं। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर व्रतियों ने पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।राबर्ट्सगंज नगर के रामसरोवर तालाब, मेहुड़ी नहर, अकड़हवा पोखरा, बढ़ौली तालाब और पुसौली पोखरा समेत विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इसके अलावा चुर्क, रामगढ़, वैनी, खलियारी, मधुपुर, करमा, केकराही और शाहगंज सहित जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ पूजा की धूम रही। घाटों को विद्युत झालरों, रंग-बिरंगी रोशनी और दीपों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूजा समितियों की ओर से साफ-सफाई, प्रकाश, टेंट और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।रातभर घाटों पर गूंजते रहे छठी मइया के गीतशाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद कई व्रती महिलाएं अपनी वेदी के समीप दीपक जलाकर रातभर भगवान सूर्य की आराधना में लीन रहीं। घाटों पर भजन-कीर्तन और छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। परिवार के सदस्य भी पूरी रात घाटों पर मौजूद रहकर व्रतियों की सेवा और पूजा-अर्चना में सहयोग करते नजर आए। सुबह होने तक घाटों पर आस्था और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैदछठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस एवं प्रशासनिक टीमें तैनात रहीं। पूजा समितियों और स्थानीय लोगों ने भी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पारणसोमवार की भोर में जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, व्रती महिलाएं जल में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना में जुट गईं। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और संतान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इसके बाद व्रती महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा संपन्न कर व्रत का पारण किया। इसी के साथ जिलेभर में चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धा, आस्था और उल्लासपूर्ण माहौल में समापन हो गया।
यह भी पढ़ें






