संदिग्ध परिस्थितियों में 16 वर्षीय किशोरी का शव कुएं में मिला, परिवार में मचा कोहराम
सोनभद्र में 16 वर्षीय किशोरी का शव कुएं में मिला, परिवार में मचा कोहराम; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
9:03 PM, Jul 20, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव में सोमवार को 16 वर्षीय किशोरी का शव खेत में बने कुएं से मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बहुअरा गांव निवासी रामकेश यादव की 16 वर्षीय पुत्री वंदना यादव के रूप में हुई है। पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।परिजनों के मुताबिक, वंदना रविवार को घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार दोपहर खेत की ओर गए ग्रामीणों ने कुएं में शव उतराता देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।मृतका की बहन ने बताया कि वंदना पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह लकड़ी बीनकर अपने पिता का सहयोग करती थी। उसके पिता गांव में चाय की दुकान चलाते हैं और दुकान के विस्तार के लिए ऋण भी लिया हुआ है। बहन के अनुसार, वंदना अधिक कमाई कर परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए कोई दूसरा काम करना चाहती थी और इसी बात को लेकर वह पिछले कुछ दिनों से चिंतित रहती थी।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें






