गोरादह पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
गोरादह पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
8:52 AM, Jun 12, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

डाला (सोनभद्र)। स्थानीय डाला पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत डाला बारी से कजरहट को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग स्थित गोरादह पुलिया के नीचे शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रवि धरकार (30 वर्ष) पुत्र राम गरीब, निवासी डाला बारी वैष्णो मंदिर के पीछे, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह गांव के कुछ चरवाहे मवेशी चराने के लिए क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान पुलिया के नीचे से दुर्गंध आने पर उन्होंने पास जाकर देखा तो वहां एक युवक का शव पड़ा मिला।चरवाहों ने तत्काल गांव पहुंचकर इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते शव मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल गमगीन हो गया।घटना की सूचना डायल-112 और डाला पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।डाला पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






