पगडंडी से खेत तक पहुंचे डीएम चर्चित गौड़, जीएनएसएस रोवर तकनीक से विशेष पैमाइश अभियान का किया शुभारंभ
पगडंडी से खेत तक पहुंचे डीएम चर्चित गौड़, जीएनएसएस रोवर तकनीक से विशेष पैमाइश अभियान का किया शुभारंभ
7:33 PM, Jul 1, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान, हर तहसील में प्रतिदिन पांच गांवों में होगी आधुनिक तकनीक से पैमाइश
सोनभद्र। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद सोनभद्र में बुधवार से जीएनएसएस (GNSS) रोवर आधारित विशेष पैमाइश अभियान का शुभारंभ हो गया। अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बभनौली कला गांव में किसान के खेत पर पहुंचकर की। खास बात यह रही कि जिलाधिकारी खेत तक पहुंचने के लिए पगडंडी के रास्ते पैदल चले और स्वयं मौके पर मौजूद रहकर आधुनिक रोवर तकनीक से पैमाइश कार्य का शुभारंभ कराया।
उनकी इस जमीनी कार्यशैली और सादगी की ग्रामीणों ने खुलकर सराहना की।जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक संचालित होने वाले इस विशेष अभियान के तहत जीएनएसएस रोवर तकनीक के माध्यम से खेतों, चकमार्गों और राजस्व अभिलेखों की सटीक एवं पारदर्शी पैमाइश की जाएगी। इससे भूमि विवादों के निस्तारण में तेजी आएगी और किसानों को सही राजस्व अभिलेख उपलब्ध कराना आसान होगा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक तहसील में गठित रोवर टीम प्रतिदिन पांच गांवों में अभियान चलाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर पैमाइश का कार्य पूरा करे। साथ ही प्रत्येक पैमाइश की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा दैनिक प्रगति का नियमित अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहे।बभनौली कला गांव में अभियान के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि राजस्व संबंधी मामलों के समाधान में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाएगा।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि किसानों को उनकी भूमि से जुड़े मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।खेत तक पगडंडी के सहारे पैदल पहुंचकर अभियान की शुरुआत करने की जिलाधिकारी की पहल ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। ग्रामीणों ने इसे प्रशासन की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण बताते हुए कहा कि पहली बार किसी जिलाधिकारी को खेतों में पहुंचकर स्वयं पैमाइश कार्य का निरीक्षण करते देखा है।
प्रशासन का मानना है कि यह विशेष अभियान राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं प्रभावी बनाने के साथ-साथ किसानों के हितों की रक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






