संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर डीएम सख्त, अधिक प्रभावित गांवों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर डीएम सख्त, अधिक प्रभावित गांवों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
8:16 PM, Jun 29, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में मानसून के दौरान सतर्कता, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता पर दिया गया जोर
सोनभद्र, 29 जून। मानसून के दौरान संचारी एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के द्वितीय चरण को प्रभावी बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों, विभागीय समन्वय, माइक्रोप्लान और जनजागरूकता कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, ग्राम विकास, नगर निकाय, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, बाल विकास, खाद्य सुरक्षा और उद्यान विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन गांवों में संचारी रोगों का प्रकोप अधिक है, उन्हें चिन्हित कर वहां विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाएं।जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, कचरा निस्तारण और लोगों को रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।बैठक में विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों और स्थानीय निकायों के माध्यम से जनसहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश मिश्रा ने अभियान की रूपरेखा, तैयारियों और विभागवार कार्ययोजना की जानकारी दी।बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






