गांव की गलियों में उतरे डीएम चर्चित गौड़, घर-घर पहुंचकर संचारी रोगों से बचाव का दिया संदेश
गांव की गलियों में उतरे डीएम चर्चित गौड़, घर-घर पहुंचकर संचारी रोगों से बचाव का दिया संदेश
7:27 PM, Jul 1, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

बभनौली कला से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, 40-50 संवेदनशील गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश
सोनभद्र। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने एक नई पहल करते हुए बुधवार को बभनौली कला गांव से संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों में पैदल भ्रमण कर घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए और स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। जिलाधिकारी की इस अनूठी पहल की ग्रामीणों ने खुले दिल से सराहना की।अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण है।
उन्होंने लोगों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी साफ रखने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने तथा शुद्ध एवं सुरक्षित भोजन अपनाने की अपील की।भ्रमण के दौरान उन्होंने गांव की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा सड़कों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया।जिलाधिकारी को गांव की गलियों में पैदल घूमकर लोगों से सीधे संवाद करते देख ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। कई ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार किसी जिलाधिकारी को गांव में घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते देखा है।
विज्ञापन
उन्होंने प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।डीएम चर्चित गौड़ ने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के ऐसे 40 से 50 गांव, जहां संचारी रोग फैलने की आशंका अधिक है, उन्हें चिन्हित कर वहां विशेष स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य गतिविधियां नियमित रूप से संचालित कराई जाएं, ताकि समय रहते बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
यह भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, पंचायतीराज, शिक्षा, बाल विकास, नगर निकाय सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम की भूमिका भी इस अभियान में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन
अभियान के तहत बुधवार को जनपद के विद्यालयों में भी छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों की रोकथाम एवं स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, एएनएम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






