खलियारी से दर्जनों डग्गामार वाहन भर रहे फर्राटे, यात्रियों की जान से खिलवाड़ का आरोप.
भूसा की तरह भरी जा रही सवारियां, गैलनों में प्रतिदिन बिहार पहुंच रहा हजारों लीटर डीजल-पेट्रोल, एक कारखास की भूमिका पर भी उठे सवाल.
sonbhadra
2:28 PM, Jun 29, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Vedvyas Singh Maurya

सोनभद्र। सोनप्रभात | रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी बाजार से प्रतिदिन बड़ी संख्या में डग्गामार वाहन नियमों को ताक पर रखकर यात्रियों का परिवहन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन वाहनों में क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां नीचे से ऊपर तक भूसा की तरह भरकर ढोई जा रही हैं, जिससे यात्रियों की जान हर समय जोखिम में बनी रहती है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई न किए जाने से शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
यूपी-बिहार सीमा पर धड़ल्ले से चल रहा डग्गामार वाहनों का संचालन
जानकारी के अनुसार नगवां ब्लॉक के पहाड़ी गांवों—सुअरसोत, देवहार, दरेव, मड़पा, चरगढ़ाव, नौडीहा, मांची, बाकी सहित बिहार के चैनपुर और अधौरा थाना क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पिकअप और अन्य छोटे वाहन यात्रियों को भरकर खलियारी बाजार पहुंचते हैं। बाजार में खरीदारी के लिए महिलाओं, पुरुषों एवं ग्रामीणों की भारी आवाजाही रहती है, जिसका फायदा उठाकर डग्गामार वाहन चालक खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार यूपी-बिहार सीमा से सटे खलियारी बाजार में बिहार के भभुआ सहित अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने आते हैं। इस कारण अवैध यात्री वाहनों का संचालन लगातार बढ़ता जा रहा है।\\\\\\\\

विज्ञापन
पहले भी हो चुके हैं हादसे, फिर भी नहीं लग रही लगाम
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इन डग्गामार वाहनों से पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रतिदिन ये वाहन खलियारी से सुअरसोत पुलिस चौकी, मांची थाना क्षेत्र होते हुए पहाड़ी इलाकों और बिहार सीमा तक बेखौफ दौड़ते देखे जा सकते हैं।
गैलनों में बिहार भेजा जा रहा डीजल-पेट्रोल
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि क्षेत्र के पेट्रोल पंपों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में गैलन और जरीकैन में डीजल व पेट्रोल भरकर बिहार भेजा जा रहा है। जबकि सुरक्षा कारणों से खुले गैलनों में ईंधन देने पर विभिन्न परिस्थितियों में प्रतिबंध एवं नियामकीय शर्तें लागू रहती हैं। इसके बावजूद कथित रूप से हजारों लीटर ईंधन प्रतिदिन बिहार पहुंच रहा है।

एक कारखास की भूमिका पर उठे सवाल
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार डग्गामार वाहनों के संचालन तथा कथित रूप से अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल की आवाजाही में रायपुर थाने से जुड़े एक कारखास की भूमिका को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं हैं। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति लंबे समय से क्षेत्र में प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है और उसके बिना कई कार्य नहीं होते। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है तथा इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
एसपी और डीएम से कार्रवाई की मांग
क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी सोनभद्र से मांग की है कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, क्षमता से अधिक सवारी ढोने पर रोक लगाई जाए तथा डीजल-पेट्रोल की संदिग्ध ढुलाई और यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।






