दुद्धी: रेलवे पटरी किनारे मिला अज्ञात शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
दुद्धी: रेलवे पटरी किनारे मिला अज्ञात शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
8:16 PM, Jul 15, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी क्षेत्र के ग्राम झारो खुर्द के पास रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर दूर रेलवे पटरी के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना दुद्धी के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि शव कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा था। शव पूरी तरह गल-सड़ चुका था, जिसके कारण उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है। मृतक के चेहरे की पहचान संभव नहीं रह गई थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक ने ग्रे रंग की पैंट और काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। उसका रंग सांवला बताया जा रहा है। शव की स्थिति को देखते हुए मृतक की उम्र का सटीक अनुमान लगाना संभव नहीं हो सका, हालांकि पहनावे के आधार पर वह युवक प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के ग्रामीणों तथा रेलवे अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हत्या या दुर्घटना के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें






