बंधी में डूबने से बुजुर्ग की मौत, नहाने गए थे घर से
बंधी में डूबने से बुजुर्ग की मौत, नहाने गए थे घर से; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
8:28 PM, Jun 7, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

डाला/सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के बेलहत्थी ग्राम पंचायत के कोडरी टोला में बंधी में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, कोडरी टोला निवासी रामदुलारे (72) पुत्र स्व. मानरूप शनिवार को घर से नहाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले सोचा कि वह किसी रिश्तेदार के यहां चले गए होंगे। जब देर रात तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका।रविवार सुबह परिजन और ग्रामीण खोजबीन करते हुए गांव से करीब 700 मीटर दूर स्थित कोडरी बंधी पहुंचे। वहां किनारे पर रामदुलारे के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। कुछ दूरी पर उनका शव पानी में उतराता दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।परिजनों के अनुसार, नहाने के दौरान पैर फिसल जाने से रामदुलारे गहरे पानी में चले गए, जहां डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजकुमार को दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मदद की तथा हाथीनाला पुलिस को घटना से अवगत कराया।सूचना पर पहुंची हाथीनाला थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें






