स्कूल चलो अभियान के तहत प्रवेशोत्सव एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
सनातन जन भावना समिति की पहल, नामांकन बढ़ाने और शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
lilasi
12:27 PM, Jul 14, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Ashish Gupta

Photo : Sonprabhat News
सोनभद्र। शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सनातन जन भावना समिति द्वारा मंगलवार को कुदरी (महुआ टोला) स्थित प्राथमिक विद्यालय में "स्कूल चलो अभियान" के अंतर्गत प्रवेशोत्सव एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय से वंचित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, नए विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
समिति के सदस्यों ने ग्रामीणों से घर-घर संपर्क कर अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है।

विज्ञापन
इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को कॉपी, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। समिति के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान रामदास गौड़ एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) बलि सिंह गौड़ रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना उसका मौलिक अधिकार है और समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

विज्ञापन
यह भी पढ़ें
विद्यालय परिवार की ओर से संतोष कुमार गुप्ता, अक्षय विज, सुभाष चंद्र, अशोक कुमार वैस, अशोक कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शिवकुमारी तथा मोनिका देवी उपस्थित रहीं। सभी शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में प्रेरणादायक प्रयास बताया।
कार्यक्रम में सनातन जन भावना समिति के अध्यक्ष रामबली प्रसाद, उपाध्यक्ष प्रभावती देवी, प्रबंधक रघुवर दयाल, उप प्रबंधक शिव मूरत सिंह, सचिव कमदेव प्रसाद, उप सचिव संदीप कुमार, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, उप कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार सहित समिति के पदाधिकारी, सलाहकार एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
विज्ञापन
कार्यक्रम के समापन पर समिति ने भविष्य में भी शिक्षा, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंद परिवारों की सहायता तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
समिति का संदेश:"हर बच्चा विद्यालय जाए, शिक्षित बने और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे। यही हमारा संकल्प और यही हमारा प्रयास है।






