विश्व आदिवासी दिवस पर दुद्धी में भव्य कार्यक्रम प्रतिनिधिमंडल ने तहसील में राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
विश्व आदिवासी दिवस पर दुद्धी में भव्य कार्यक्रम प्रतिनिधिमंडल ने तहसील में राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
9:31 PM, Aug 9, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी (सोनभद्र)। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को कस्बा स्थित डीसीएफ कॉलोनी के गोंडवाना भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व आदिवासी समाज के कार्यकर्ताओं ने नगर में विशाल जुलूस निकाला। जुलूस में भावी प्रत्याशी नीरेंद्र प्रताप सिंह गौड़ प्रमुख रूप से शामिल रहे। नगर भ्रमण के बाद जुलूस दुद्धी तहसील पहुंचा, जहां प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार अंजनी गुप्ता को महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सोनभद्र के आदिवासी समुदाय की विभिन्न संवैधानिक, सामाजिक और विकास संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सोनभद्र जिले को अविलंब संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत घोषित किया जाए तथा जनजातीय सलाहकार परिषद (टीएसी) का प्रभावी एवं पूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही अनुसूचित जनजाति घटक (एसटीसी) की धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने तथा पिछले वर्ष के बजटीय उपयोग की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।ज्ञापन में वनाधिकार अधिनियम (एफआरए-2006) के तहत लंबित व्यक्तिगत एवं सामुदायिक दावों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग भी शामिल रही।
भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष न्यायिक व्यवस्था लागू करने की मांग प्रतिनिधिमंडल ने रखी।शिक्षा के क्षेत्र में स्थानीय जनजातीय भाषाओं में शिक्षा की व्यवस्था, जिले में अधिक संख्या में माध्यमिक विद्यालयों की स्थापना तथा एक केंद्रीय अथवा राज्य स्तरीय आदिवासी विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने की मांग की गई।कृषि एवं पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए प्रतिनिधिमंडल ने सोनभद्र में उपयुक्त कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना, जैविक एवं जलवायु अनुकूल फसलों को प्रोत्साहन देने की मांग की। औद्योगिक विस्तार के कारण होने वाले विस्थापन को रोकने, स्थानीय निवासियों को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा सीएसआर बजट के पारदर्शी उपयोग की मांग भी ज्ञापन में की गई। इसके अलावा अवैध खनन एवं प्रदूषण के मामलों की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने का अनुरोध किया गया।ज्ञापन में आदिवासी समाज की सांस्कृतिक सुरक्षा पर भी जोर दिया गया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
प्रतिनिधिमंडल ने धर्म परिवर्तन के नाम पर कथित प्रलोभन देने तथा महिलाओं के अधिकारों के दुरुपयोग से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई की मांग की। वहीं दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क, 24 घंटे बिजली आपूर्ति, पक्की सड़कों और सार्वजनिक परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया।तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त किया और उसे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया
कार्यक्रम में नीरेंद्र प्रताप सिंह गौड़, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, सपा विधानसभा अध्यक्ष अवध नारायण यादव, मानसिंह, सुनील गौड़, फूलवती गौड़ (अध्यक्ष, नगर पंचायत डाला), कमलेश कुमार, रामनारायण (बभनी), नंदू कुमार (बभनी), अयोध्या, राजेंद्र सिंह, बीगन राम गौड़ (बघाडू), रामअजौर सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।






