सोनभद्र जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में शतरंज की बिसात पर छाया म्योरपुर, मुस्कान और जय सिंह ने तृतीय स्थान मे मारी बाजी.
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा चलाए गए अभिनव अभियान “हर चाल में ध्यान : परिषदीय विद्यालयों में शतरंज नवाचार अभियान” में म्योरपुर ब्लॉक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
sonebhadra
9:57 AM, Nov 15, 2026
Share:
Edited By: U. Gupta , Reported By: यू .गुप्ता ब्यूरो चीफ

बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा चलाए गए अभिनव अभियान “हर चाल में ध्यान : परिषदीय विद्यालयों में शतरंज नवाचार अभियान” में म्योरपुर ब्लॉक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
म्योरपुर (सोनभद्र)। आकांक्षी जनपद सोनभद्र के सुदूर वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के बौद्धिक, तार्किक और मानसिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा चलाए गए अभिनव अभियान “हर चाल में ध्यान : परिषदीय विद्यालयों में शतरंज नवाचार अभियान” में म्योरपुर ब्लॉक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकुल आनन्द पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता के तृतीय एवं अंतिम चरण (जनपद स्तरीय ग्रैंड फिनाले) का भव्य आयोजन 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), सोनभद्र में किया गया। जनपद के सभी दस ब्लॉकों के विजेता विद्यार्थियों के मध्य मानक रूलबुक एवं नॉकआउट पद्धति से खेले गए रोमांचक मुकाबलों में म्योरपुर ब्लॉक का दबदबा देखने को मिला। प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग (कक्षा 1–5) में म्योरपुर ब्लॉक के जय सिंह ने तृतीय स्थान तथा उच्च प्राथमिक वर्ग (कक्षा 6–8) में म्योरपुर ब्लॉक की मुस्कान ने तृतीय स्थान अर्जित कर पूरे ब्लॉक का नाम रोशन किया है। समारोह में दोनों विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिक्षकों और आयोजन टीम के समर्पण से मिली सफलता
यह भी पढ़ें
बच्चों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे म्योरपुर शिक्षा क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन और विजयी होने पर उनके विद्यालय के मार्गदर्शक शिक्षक प्रकृति यादव व हरीश शुक्ला को सभी ने हार्दिक बधाई दी है।वहीं, म्योरपुर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम को उत्कृष्ट एवं भव्य रूप देने में संकुल सीमा का विशेष योगदान सराहनीय रहा। इस पूरी सफलता के पीछे पर्दे के पीछे काम करने वाली टीम का भी विशेष योगदान रहा। संकुल स्तर से लेकर जिला स्तर तक बच्चों के प्रतिभाग और प्रतियोगिता के सकुशल आयोजन में अजय कुमार गुप्ता का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा।उल्लेखनीय है कि अक्टूबर 2026 से शुरू हुए इस अभियान के तहत विद्यालयों में ‘नो बैग डे’ व खेल कालांश में शतरंज का नियमित अभ्यास कराया गया, जिसके बाद नवंबर के प्रथम व द्वितीय सप्ताह में ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) म्योरपुर पर संकुल व ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न हुई थीं। शतरंज के इस नवाचार से क्षेत्र के ग्रामीण व जनजातीय बच्चों—विशेषकर बालिकाओं—की गणितीय समझ, एकाग्रता और आत्मविश्वास में अभूतपूर्व सुधार देखा जा रहा है।खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने सभी विजेता बच्चों व शिक्षको को बधाई दी।






