उद्योग बंधु की बैठक में गूंजे शिक्षा और प्रदूषण के मुद्दे, व्यापारियों ने की पारदर्शिता व पर्यावरण सुरक्षा की मांग
उद्योग बंधु की बैठक में गूंजे शिक्षा और प्रदूषण के मुद्दे, व्यापारियों ने की पारदर्शिता व पर्यावरण सुरक्षा की मांग
5:46 PM, Jun 27, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र, 27 जून। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों ने शिक्षा व्यवस्था, यातायात, औद्योगिक प्रदूषण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। बैठक में पूर्व में लंबित मामलों की समीक्षा के साथ विभिन्न समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की सकारात्मक पहल स्वागत योग्य है।
उन्होंने मिर्जापुर डिपो की रोडवेज बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे से बंद कर पुनः डिपो से किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे व्यापारियों एवं आमजन के हित में बताया।बैठक में श्री शर्मा ने निजी विद्यालयों द्वारा महंगी किताबें निर्धारित दुकानों से खरीदने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सीबीएसई से संबद्ध कई स्कूल एनसीईआरटी की तुलना में कई गुना महंगी किताबें अभिभावकों को खरीदने के लिए बाध्य करते हैं।
उन्होंने मांग की कि प्रत्येक विद्यालय सत्र प्रारंभ होने से पहले अपनी वेबसाइट एवं नोटिस बोर्ड पर पुस्तक सूची, प्रकाशक का नाम और मूल्य सार्वजनिक करे तथा उसकी प्रति बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक को भी उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद पुस्तक सूची में किसी प्रकार का संशोधन न किया जाए।बैठक में जिले में बढ़ते औद्योगिक प्रदूषण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
विज्ञापन
कौशल शर्मा ने कहा कि एनजीटी की एक रिपोर्ट के अनुसार जिले की औद्योगिक इकाइयों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में मरकरी (पारा) वातावरण में उत्सर्जित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न क्षेत्रों के पेयजल एवं रक्त नमूनों में पारे की मात्रा निर्धारित मानकों से कई गुना अधिक पाई गई है, जिससे लोगों में तंत्रिका तंत्र संबंधी रोग, दृष्टि एवं श्रवण क्षमता प्रभावित होने, गर्भस्थ शिशुओं में जन्मजात विकृतियों सहित गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें
उन्होंने प्रशासन से अनपरा, ओबरा, शक्तिनगर, बीजपुर और रेणुकूट समेत सभी औद्योगिक क्षेत्रों में स्वतंत्र एवं उच्च स्तरीय पर्यावरणीय जांच कराने तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं।
विज्ञापन
बैठक में शरद जायसवाल, विनय जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, नरेंद्र गर्ग, विमल अग्रवाल, मनोज जालान, नवल बाजपेयी, राजेश गुप्ता, धीरेन जायसवाल, हाजी सलीम हुसैन सहित व्यापार संगठन के पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






