व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में उठे यातायात, जनसुविधा और खतौनी रजिस्टर के मुद्दे
व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में उठे यातायात, जनसुविधा और खतौनी रजिस्टर के मुद्दे
4:57 PM, Jun 28, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र, 28 जून। पुलिस लाइन स्थित सभागार में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने व्यापारियों एवं आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।कौशल शर्मा ने कहा कि आगामी 1 जुलाई से जिले के सभी विद्यालय खुल रहे हैं, जबकि नगर में नो एंट्री का समय सुबह 8 बजे से लागू है। दूसरी ओर विद्यालयों का संचालन सुबह 7 बजे से शुरू हो जाता है। ऐसे में स्कूल समय के दौरान एक ओर बच्चों और अभिभावकों की आवाजाही रहती है, वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों की भीड़ से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस प्रकार की कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने बढ़ौली चौराहा, डीएबी स्कूल, जयपुरिया स्कूल मोड़ सहित अन्य विद्यालयों के समीप पुलिसकर्मियों की तैनाती अथवा नो एंट्री का समय एक घंटे बढ़ाने की मांग की।बैठक में उन्होंने चुर्क मोड़ स्थित सर्किट हाउस तिराहे पर यात्री सुविधाओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह जनपद का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों यात्री, विद्यार्थी, पुलिसकर्मी एवं ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले लोग बस और अन्य वाहनों की प्रतीक्षा करते हैं। यहां यात्रियों के बैठने तथा धूप, बारिश और ठंड से बचाव के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने इस स्थान पर आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय और स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित किए जाने की मांग की।कौशल शर्मा ने वर्ष 2018 में गायब हुए खतौनी रजिस्टर का मामला भी बैठक में उठाया। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2018 को संदिग्ध परिस्थितियों में खतौनी रजिस्टर गायब हुआ था और 4 मार्च 2018 को इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने कहा कि आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो रजिस्टर बरामद हो सका और न ही सर्वे सूची प्रकाशित की गई। इससे नगर में भूमि विवाद लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मामले में संलिप्त लोगों की पहचान सार्वजनिक कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।बैठक में राजेश जायसवाल, राजू जायसवाल, नागेंद्र मोदनवाल, विनोद जायसवाल, अमित अग्रवाल, धीरेंद्र जायसवाल, हाजी सलीम हुसैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






