म्योरपुर : बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरी खाई में गिरी कार, केनरा बैंक के मैनेजर समेत तीन लोग सुरक्षित
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक सहित तीन कर्मचारी मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
myorpur
1:25 PM, Aug 6, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Prashant Dubey

Photo : Sonprabhat News
म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर थाना क्षेत्र के बबनडीहा गांव के समीप बीजपुर–मुर्धवा मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक सहित तीन कर्मचारी मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9 बजे केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह अपने सहयोगी अमित कुमार और गौरव यादव के साथ कार से रेणुकूट से रजमिलान शाखा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बबनडीहा के पास एक ट्रक को ओवरटेक करने के बाद सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया। संभावित टक्कर से बचने के लिए चालक ने तुरंत कार मोड़ी, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया।

विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सड़क से उतरकर कई बार पलटती हुई लगभग 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें
सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और उपचार के बाद सभी को घर जाने की अनुमति दे दी गई।
विज्ञापन
इस दुर्घटना में कार को भारी क्षति पहुंची है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते वाहन की रफ्तार नियंत्रित करने और ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।






