रॉबर्ट्सगंज में स्ट्रीट वेंडरों के लिए बनेगा आधुनिक वेंडर जोन, एनसीएल ने मंजूर किए ₹89.59 लाख
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत रॉबर्ट्सगंज में ओवरब्रिज के नीचे आधुनिक वेंडर जोन विकसित करने की परियोजना को मंजूरी दी है। परियोजना के लिए एनसीएल द्वारा ₹89,59,838 की धनराशि स्वीकृत की गई है।
sonbhadra
12:09 PM, Aug 8, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Sanjay Singh

Photo : Sonprabhat News
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में सड़क किनारे दुकान लगाने वाले स्ट्रीट वेंडरों की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत रॉबर्ट्सगंज में ओवरब्रिज के नीचे आधुनिक वेंडर जोन विकसित करने की परियोजना को मंजूरी दी है। परियोजना के लिए एनसीएल द्वारा ₹89,59,838 की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि प्रस्तावित वेंडर जोन से नगर क्षेत्र में सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से दुकान लगाने वाले स्ट्रीट वेंडरों को निर्धारित, सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे न केवल उनकी आजीविका को स्थायित्व मिलेगा, बल्कि नगर की यातायात व्यवस्था, पैदल आवागमन, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में भी सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विकासपरक नीतियों के अनुरूप जनपद में विकास कार्यों को गति दी जा रही है तथा जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है। एनसीएल की यह सीएसआर परियोजना रॉबर्ट्सगंज नगर को अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आजीविका का आधार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विज्ञापन

मार्च 2027 तक पूरा होगा निर्माण
यह भी पढ़ें
परियोजना का क्रियान्वयन एनसीएल मुख्यालय के सीएसआर विभाग और सोनभद्र जिला प्रशासन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) के माध्यम से किया जाएगा। स्वीकृत धनराशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चरणबद्ध रूप से जारी होगी।
विज्ञापन
परियोजना की प्रगति एवं पूर्णता के संबंध में उपयोगिता प्रमाण-पत्र, पूर्णता प्रमाण-पत्र तथा जियो-टैग्ड फोटोग्राफ सहित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए जाएंगे। एनसीएल ने उप प्रबंधक (सीडी) राजाराम यादव को परियोजना प्रबंधक नामित किया है। परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयास से प्रस्तावित वेंडर जोन को रॉबर्ट्सगंज के व्यवस्थित विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इसके निर्माण से स्ट्रीट वेंडरों को स्थायी स्थान मिलने के साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण एवं अव्यवस्था में कमी, यातायात सुगमता, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थानों के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है।






